मार्ग के जानलेवा गड्ढे सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को दिखा रहे ठेंगा

कछौना, हरदोई। सर्वोच्च न्यायालय ने कहा था कि सड़कों पर बने जानलेवा गड्ढे आतंकवादियों से भी ज्यादा घातक और खतरनाक हैं। इनके कारण जनधन की हानि के साथ नागरिकों की जान तक चली जाती है। यहां तक दुर्घटना से व्यक्ति जीवन भर के लिए विकलांग हो जाता है।

नगर पंचायत कछौना पतसेनी में सड़कों की हालत काफी बदहाल है। नगर वासियों ने कस्बे की बस्ती की प्रमुख मार्ग बाबा खुशी नाथ मंदिर से बस्ती होते हुए बाबूलाल पुलिया तक जीर्णोद्धार की मांग शासन प्रशासन से की है। इस मार्ग पर डामर पूरी तरह से उखड़ चुका है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। कई जगह जल निकासी हेतु पुलिया के पत्थर टूट चुके हैं।

वोडाफोन टावर के पास मोहल्ला तिलक नगर में पुलिया का पत्थर टूट जाने के कारण आए दिन राहगीरों चुटहिल होते हैं। जबकि इस मार्ग पर प्रतिदिन कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का आवागमन रहता है। जल निकासी हेतु बनाई गई नालियां भी जर्जर हो गई हैं। जिसके कारण घरों का पानी सड़क पर जमा रहता है, जिससे हमेशा जलभराव के कारण राहगीरों को काफी परेशानी होती हैं। नगरवासी इस मार्ग के जीर्णोद्धार के लिए जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगाई, परंतु किसी ने सुध लेना मुनासिब नहीं समझा। जिसका खामियाजा आम जनमानस को उठाना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा नौनिहालों, वृद्ध जनों को परेशानी उठानी पड़ती है, क्योंकि पुलिया में कई बार स्कूली वाहन फंस कर रह पलट चुके हैं। नगर वासियों का धैर्य जवाब दे चुका है। कभी भी नगर वासियों का गुस्सा आंदोलन के रूप में फूट सकता है। इस सड़क का निर्माण 8 वर्ष पूर्व नगर पंचायत द्वारा कराया गया था। उसके बाद किसी ने इस मार्ग की दुर्दशा की सुध लेना मुनासिब नहीं समझा। नगरवासियों ने इस मार्ग के जीर्णोद्धार, पुलिया के टूटे पत्थर को बदलने व जल निकासी हेतु पुलिया निर्माण हेतु की पुरजोर तरीके से मांग शासन प्रशासन से की। इस मार्ग की दुर्दशा हेतु अधिशासी अधिकारी का पक्ष जानने के लिए दूरभाष पर फोन किया तब उन्होंने फोन उठाना मुनासिब नहीं समझा।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता