- जहरीली कच्ची शराब पीने से ग्रामीण की मौत।
- इलाके के कई गांवों में धड़ल्ले से धधक रही हैं जहरीली कच्ची शराब की भट्टियां।
कछौना (हरदोई) — रविवार को कोतवाली कछौना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गाजू के ग्राम फत्तेपुर में एक व्यक्ति की संदिग्ध अवस्था में मृत्यु हो गई, मृतक के परिजनों का आरोप है कि जहरीली कच्ची शराब को पीने से उस व्यक्ति की मौत हुई है l मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस व आबकारी विभाग के संरक्षण में इलाके में कच्ची शराब का कारोबार फल फूल रहा है l
कच्ची जहरीली शराब के अवैध कारोबार पर नकेल को लेकर सूबे की योगी सरकार की मंशा साफ है l कुटीर उद्योग का रूप ले चुके इस गोरखधंधे पर पूर्ण प्रतिबंध के लिए कई बार फरमान भी जारी किये जा चुके हैं l परंतु इसके बावजूद पुलिस व आबकारी विभाग इस काले कारोबार पर अंकुश लगाने में नाकाम रहा है l कच्ची जहरीली शराब पीने से आए दिन मौतें होती रहती हैं l कुछ समय के लिए शासन प्रशासन हरकत में आता है लेकिन कुछ दिनों बाद सारी सक्रियता गायब हो जाती है और कच्ची शराब का काला कारोबार फिर खाकी वर्दी वालों हुआ व आबकारी विभाग कि सरपरस्ती में परवान चढ़ने लगता है l रविवार को ऐसा ही एक मामला कोतवाली कछौना के अंतर्गत ग्राम पंचायत गाजू के गांव फत्तेपुर में सामने आया जहां संदिग्ध हालत में एक व्यक्ति रामप्रसाद (45 वर्ष) की मृत्यु हो गई l मृतक के परिजनों ने जहरीली कच्ची शराब के सेवन से मौत होने का दावा किया है l मृतक के भाई ने बताया की मृतक रामप्रसाद ने शनिवार की रात शराब पी थी l उसके बाद वह सुबह नहीं उठा l पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी l मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस व आबकारी विभाग के संरक्षण में इलाके में जहरीली शराब बनाई जा रही है l
कोतवाली कछौना क्षेत्र के दर्जनों गांवों में इन दिनों पुलिस व आबकारी विभाग के संरक्षण में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब का काला कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है l आपसी प्रतिस्पर्धा के चलते और अधिक नशेदार शराब बनाने के चक्कर में कच्ची शराब के निर्माताओं द्वारा नित्य नए नए प्रयोग करके शराब बनाने के कच्चे माल लहन में मानव जीवन के लिए हानिकारक वस्तुओं एक्सपायरी डेट के इंजेक्शनो, जहरीली दवाओं, खादों व अन्य नशीली वस्तुओं का इस्तेमाल किया जाता है l इन हानिकारक पदार्थों के इस्तेमाल से कच्ची शराब में नशे की वृद्धि तो हो जाती है परंतु अक्सर यही जहरीली कच्ची शराब का सेवन इसके शौकीनों को मौत के मुंह में ले जाता है l
मिली जानकारी के अनुसार कछौना क्षेत्र के बहदिल, पल्लेपार, गोठवा, टिकारी, अंटा, जसवंतपुर, दर्शनखेड़ा, दिबियापुर, हेमनखेड़ा, छतनखेड़ा, प्रतापपुर, समसपुर, पहावां, गढ़ीकमालपुर, पतसेनी देहात, नटपुरवा सहित अन्य स्थानों पर जहरीली कच्ची शराब का कारोबार बड़े पैमाने पर होता है l क्षेत्रीय जनता के कभी कभार कच्ची शराब को लेकर हो हल्ला मचाने पर पुलिस दिखावे के लिए छापा मार कर कुछ कारोबारियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने के बाद शांत हो जाती है l