मनरेगा (जीरामजी) में फर्जीवाड़े का आरोप: मौके पर पानी-झाड़ियां, पोर्टल पर 105 मजदूरों की हाजिरी

Corruption Feature IV24

हरदोई। टड़ियावां विकास खंड की ग्राम पंचायत गढ़ी में मनरेगा योजना के तहत कराए जा रहे कार्य पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों ने ऑनलाइन हाजिरी में हेरफेर का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामला गाटा संख्या 667 स्थित कब्रिस्तान की खाई खुदाई कार्य से जुड़ा है। आरोप है कि 3 से 9 अक्टूबर तक मनरेगा पोर्टल पर 105 मजदूरों की हाजिरी दर्ज की गई है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है। मौके पर खाई में पानी भरा हुआ है और चारों तरफ बबूल की घनी झाड़ियां खड़ी हैं, जिससे खुदाई का काम संभव ही नहीं है।

ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थल पर सिर्फ एक दिन ही मजदूरों से काम कराया गया था। 5 अक्टूबर को निरीक्षण के दौरान भी मौके पर कोई मजदूर या कार्य होता नहीं मिला। ग्रामीणों ने मस्टर रोल और जियो-टैग फोटो का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की है।

इतना ही नहीं, इसी तरह के आरोप विकास खंड की अन्य ग्राम पंचायतों शिवरी, कुआंमऊ और सेमरौली में भी सामने आए हैं, जहां ऑनलाइन पोर्टल पर कार्य प्रगति पर दिखाया जा रहा है, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हुआ है।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले में ऑनलाइन हाजिरी, मस्टर रोल और कार्यस्थल के भौतिक सत्यापन के बाद दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना में पारदर्शिता बनी रहे।