दीप ज्योति – प्रेम और एकता का संदेश

दीप ज्योति प्रेम का संदेश जलकर दे रहे।
एकता की शक्ति से तम को पराजित कर रहे।

अमावस के गहन तम को दीप है धिक्कारता,
ज्योति का पावन उजाला, विश्व को है तारता।
नेह की निर्मल धरा पर, प्रेम-अंकुर उग रहे,
दीप ज्योति प्रेम का संदेश जलकर दे रहे।

ईर्ष्या के बादल हटा दो, प्रीतिमय आकाश हो,
हर हृदय में प्रेम जागे, दूर मन का त्रास हो।
भेद के कटते हैं बंधन, कर करों से मिल रहे,
एकता की शक्ति से तम को पराजित कर रहे।

जब दीप से दीपक जलेंगे तो बढ़ेगी रोशनी,
एकता के यज्ञ को, अब हर हृदय तैयार हो।
नेह की इस वाटिका मे पुष्प प्यारे खिल रहे,
दीप ज्योति प्रेम का संदेश जलकर दे रहे।

राह कितनी भी कठिन हो, दीप जलते ही रहें,
आँधियों के बीच भी, दीपित धरा करते रहें।
आशा के नवदीप लेकर, हम निरंतर चल रहे,
एकता की शक्ति से तम को पराजित कर रहे।

आओ मिलकर आज, हम सभी संकल्प लें,
नेह की बाती जलाएँ मन की अमावस मार दें।
विश्व के कल्याण को हर जतन हम कर रहे,
दीप ज्योति प्रेम का संदेश जलकर दे रहे।
एकता की शक्ति से तम को पराजित कर रहे।
दीप ज्योति प्रेम का संदेश जलकर दे रहे।