दैनिकयात्री संघ के अध्यक्ष ने ट्रेन नम्बर 54331 व 54332 के सञ्चालन की मांग की

कछौना (हरदोई) : ट्रेन नम्बर 54331 व 54332 का संचालन वैश्विक महामारी कोविड-19 के चलते लॉक डाउन होने के कारण बंद कर दिया गया था। कोविड-19 अनलॉक होने के पश्चात बालामऊ जं० से प्रस्थान करने वाली अन्य ट्रेनों का संचालन तो आंशिक रूप से शुरू हो गया पर इस ट्रेन का पुनः संचालन अभी तक नहीं किया गया। जिसके कारण बालामऊ से लखनऊ तक आने-जाने वाले यात्रियों और दैनिक यात्रियों को अनारक्षित ट्रेन न होने से काफी दिक्कतें हो रही हैं। इसके अलावा पेट्रोल-डीजल महंगा होने की वजह से यात्रियों को आवागमन में अधिक धन का व्यय होता है। जबकि यह ट्रेन बालामऊ से लखनऊ तक आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए महत्त्वपूर्ण ट्रेन मानी जाती है।

यात्रियों की गंभीर समस्या के दृष्टिगत दैनिक यात्री संघ के अध्यक्ष इंद्रजीत यादव ने सांसद अशोक रावत को इस ट्रेन के पुनः संचालन को लेकर अवगत कराया, साथ ही रेल विभाग के आलाधिकारियों से भी इस ट्रेन के पुनः जल्द संचालन की मांग की है जिससे दलेलनगर, उमरताली, संडीला, रहीमाबाद, दिलावर नगर इत्यादि स्टेशनों के यात्रिगणों को सुविधा प्राप्त हो सके।

ख़बर- पी.डी. गुप्ता