आम जनता को पूरी तरह से लूट रहा है, ‘रेलमन्त्रालय’!

● आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

जबसे न्यू इण्डिया की मोदी-सरकार का गठन हुआ है तबसे उसका इरादा साफ़ है– जनसामान्य को कैसे कंगाल (तत्सम ‘कंकाल) बनाया जाये और उसे आर्थिक रूप से इतना तोड़ दिया जाये कि वह अपनी परेशानियों मे ही उलझा रह जाये और सरकार की जनघाती नीतियों का विरोध करने के लिए गरदन (‘गर्दन’ अशुद्ध है।) तक न उठा सके।

इसी का एक घिनौना रूप रेलमन्त्रालय-द्वारा (‘रेलवे मन्त्रालय’ अशुद्ध है।) देशभर की १३० मेल-एक्सप्रेस रेलगाड़ियों को ‘सुपर फास्ट’ का नाम देकर जनता को लूटना रहा है। अब रेलमन्त्रालय ने ‘सुपर फास्ट’ के नाम पर सामान्य से भी बदतर गति मे दौड़नेवाली गाड़ियों के किराये मे अप्रत्याशित बढ़ोतरी (‘बढ़ोत्तरी’ अशुद्ध है।) कर अपनी निर्ममता का परिचय प्रस्तुत कर ही दिया है। इसप्रकार वातानुकूलित –एक और ‘एक्सीक्यूटिव’-श्रेणी मे ₹ ७५ प्रति यात्री, वातानुकूलित– दो-तीन तथा कुर्सीयान श्रेणी मे ₹ ७५ तथा शयनयान-श्रेणी मे ₹ ३० प्रति यात्री की वृद्धि कर दी गयी है। अब इस बढ़ाये गये किराये के आधार पर एक पी० एन० आर० की बुकिंग मे वातानुकूलित श्रेणी– एक मे ₹ ४५०, वातानुकूलित श्रेणी– दो-तीन मे ₹ २७० तथा शयनयान मे यात्रियों को ₹ १८० का अतिरिक्त चूना लगा दिया गया है। देश के बहुसंख्य लोग को इस धूर्त्ततापूर्ण बढ़ोतरी का ज्ञान भी नहीं होगा। ऐसे मे, आप सभी के लिए यह जान लेना ज़रूरी है कि यह बढ़ोतरी पिछले १ अक्तूबर से लागू कर दी गयी है।

यहाँ यह भी अच्छी तरह से जान लें कि रेलमन्त्रालय और उसके रेल-विभाग (‘रेलवे-विभाग’ अशुद्ध है।) ने इतनी बड़ी संख्या मे की गयी बढ़ोतरी मे जनता के लिए किसी भी प्रकार की सुविधा की व्यवस्था नहीं की है।

इस नितान्त निकृष्ट-निर्मम और जनघाती सरकार ने इस भयंकर महँगाई के दौर मे जनसामान्य का जीना दुर्भर कर दिया है। वर्ष २०१४ मे जबसे इस दुस्साहसी सरकार का जन्म हुआ है तबसे इसने जनसामान्य, विशेषत: मध्यम वर्ग को खोखला बनाने का उपक्रम शुरू कर दिया है। यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि बहुसंख्य मध्यम वर्ग के लोग ही ‘मोदी-सम्मोहन’ मे बौराये हुए हैं और अपना सब कुछ दाँव पर लगाये हुए हैं; क्योंकि यह सरकार यहाँ ‘धर्मभीरु’ लोग की कमज़ोर नस से वाक़िफ़ हो चुकी है। यही कारण है कि उनके मनप्राण पर ‘हिन्दुत्व’ का नशा चढ़ाकर अवसरवादी हिन्दूवादी सरकार जीभरकर अपना उल्लू सीधा करती आ रही है, मानो हिन्दूवादी लोग अफ़ीम के गहरे नशे मे धुत्त-से पड़े हुए हों।

(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; ६ अक्तूबर, २०२२ ईसवी।)