सड़क किनारे लकड़ी काट रहे तीन लोगों पर चढ़ी डिप्टी सीएमओ की गाड़ी,एक की मौत

    डिप्टी सीएमओ ने अपनी निजी गाड़ी से सड़क किनारे लकड़ी काट रहे तीन लोगों को रौंद दिया जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि दो लोग घायल हो गए जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गया। चिकित्सक को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
    मामला हरदोई के बघौली थाना इलाके के लखनऊ-हरदोई मार्ग के गोपीपुरवा गांव का है। यहां सड़क किनारे गांव के ही जागेश्वर,अरुण कुमार व विकास सड़क किनारे लगा लकड़ी का ठूंठ काट रहे थे। इसी बीच लखनऊ की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने विपरीत दिशा में जाकर सड़क किनारे लकड़ी काट रहे तीनों लोगों को रौंद दिया।
    इस हादसे में जागेश्वर 35 की मौके पर ही मौत हो गयी और बाकी अन्य दोनों लोग घायल हो गए जिनको इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद भीड़ जुट गई और भाग रहे वाहन चालक को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई तो चालक को पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया। कार चालक डॉक्टर अम्बुज सिंह जिला अस्पताल में डिप्टी सीएमओ के पद पर तैनात हैं और लखनऊ से रोज की भांति हरदोई आ रहे थे। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।