आदर्श ग्राम योजना में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी, आवास जैसी बुनियादी समस्याओं को अवश्य शामिल किया जाये – जिलाधिकारी

जनपद में चयनित सांसद आदर्श ग्राम पंचायत जरहा विकास खण्ड बेहन्दर, तहसील सण्डीला में जिलाधिकारी पुलकित खरे की अध्यक्षता में सांसद आदर्श ग्राम योजना की बैठक ग्राम पंचायत जरहा में की गयी। चौपाल प्रारम्भ होने से पूर्व सांसद अशोक रावत एवं जिलाधिकारी द्वारा प्राथमिक पाठशाला के प्रांगण में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित प्रधानाध्यापिका को पेड़ों की देखरेख का कार्य सौंपते हुए, कक्षाओ में उपस्थित बच्चों से वार्तालाप किया।

समस्त विभागों द्वारा चौपाल के माध्यम से अधिकारियों ने अपने अपने विभागो से संचालित होने वाली योजना की जानकारी विस्तार से गाँव वालों को दी। जिसमें पशु चिकित्साधिकारी ने जानवरों के टीकाकरण से लेकर अनेक प्रकार की होने वाली बीमारियों को विस्तार से बताया। इसी क्रम में जल निगम द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिशासी अधिकारी ए0के0 त्रिपाठी ने बताया कि आने वाली पीढियों के लिए जल का संचय करना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों को स्वच्छ जल उपलब्ध कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। इसी प्रकार खण्ड शिक्षा अधिकारी ने बच्चों की शिक्षा पर जोर देते हुए अच्छी शिक्षा का संकल्प लिया। पेंशन से सम्बन्धित विवरण के बारे में बताते हुए कहा कि अब समस्त योजनाओं के प्रपत्र जमा करने की जरूरत नही है ये सारी पेंशन योजनाएं ऑन लाइन करा कर पेंशन का लाभ उठा सकते है। जिला पूर्ति विभाग ने अपनी योजनाओ से सम्बन्धि जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य एवं बैंको से सम्बन्धित समस्याओं को विस्तार से बताया गया।

चौपाल में स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, पानी, आवास, पट्टा, नाली, खडंजा, कब्रिस्तान, बारात घर, पेंशन, खेल का मैदान एवं राशन सम्बन्धी ग्रामीणो की समस्याओं को सांसद आदर्श ग्राम योजना में सम्मिलित करने के लिए जिलाधिकारी ने सम्बन्धित विभागो को निर्देशित किया। उन्होने कहा कि सांसद आदर्श ग्राम में कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओ से वंचित न रहे।

इस अवसर पर उप निदेशक कृषि डा0 आशुतोष कुमार मिश्र, जिला अग्रणी बैंक अधिकारी वी0एन0 शुक्ला, डीसी मनरेगा, परियोजना निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्ष मवार, जिला प्रोवेशन अधिकारी सुशील कुमार सहित ग्राम प्रधान शैल कुमारी, लेखपाल रमेश कुमार, ग्राम विकास अधिकारी गौरव मिश्रा सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।