मुख्यमन्त्री आदित्यनाथ योगी ने फिक्की लेडीज़ आर्गेनाइजेशन के लखनऊ-कानपुर चैप्टर द्वारा पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित IWAAF-2018 (इंडियन विमेन आर्टिज़न्स अवध फेस्टिवल-2018) को सम्बोधित किया। राज्य सरकार ने महिला सशक्तीकरण, स्वरोजगार व स्वावलम्बन के लिए ‘एक जनपद, एक उत्पाद’ योजना लागू की है ।
श्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हर जनपद में एक या उससे अधिक विशिष्ट उत्पाद मौजूद है, जिसे लगातार विकसित, परिष्कृत, सुधार कर और इनकी मैपिंग कर एक अच्छा बाजार विकसित किया जा सकता है । फिक्की फ्लो उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान कर सकता है । कूड़े के सही प्रबन्धन से रोजगार के अवसर सृजित किये जा सकते हैं । राज्य सरकार व्यापक स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से प्रदेश के 60 हजार गांवों में स्टार्टअप स्थापित करने की दिशा में काम करेगी, इससे महिलाओं को भी लाभ मिलेगा ।