स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत प्रधानमंत्री जी के अभियान स्वच्छता ही सेवा है के तहत रसखान प्रेक्षागृह में ग्राम प्रधान एवं स्वच्छता गृहियों के आयोजित एक दिवसीय सम्मेलन का शुभारम्भ मुख्य अतिथि के रूप में राज्य सभा सांसद डा0 अशोक बाजपेई ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर अपने सम्बोधन में श्री बाजपेई ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के अभियान को सफल बनाने के लिए सभी ग्राम प्रधान, स्वच्छता गृही एवं समाज का हर व्यक्ति संकल्प ले कि वह अपने घर, गली एवं आस-पास सफाई पर विशेष ध्यान देकर 15 सितम्बर से 02 अक्टूबर 2018 तक अपने गांव को साफ करेगें। उन्होने कहा कि यह काम सिर्फ शासन व प्रशासन का नही है बल्कि हर भारतवासी है कि वह अपने घर, मोहल्ले, गांव में सफाई पर जोर दें और अपने-अपने क्षेत्र को साफ-सुथरा रखें।
श्री बाजपेई ने कहा कि सभी प्रधान एवं स्वच्छतागृही कल से ही अपने-अपने गांव के महिला एवं पुरूषों को जागरूक कर सफाई अभियान चलायें जिसमें गांव का हर व्यक्ति श्रमदान के रूप में सफाई में अपना सहयोग दें। उन्होने जिलाधिकारी से कहा कि इस अभियान के तहत ब्लाकवार गांवों का सर्वेक्षण कराये और 02 अक्टूबर तक सबसे अधिक साफ-सफाई रखने वाले गांवों को चिहिन्त कराये तथा अच्छा कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार से सम्मानित भी किया जाये। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बोलते हुए सांसद अंशुल वर्मा ने जिलाधिकारी को बधाई देते हुए कहा कि वर्तमान में जनपद देश में सफाई के मामले में 38 वें स्थान पर है और आगें उनके प्रयासों से जिला प्रथम स्थान हासिल कर सकता है। उन्होने कहा कि गांवों में सफाई आदि की जिम्मेदारी गांव के प्रधान की होती है और ग्राम प्रधान स्वच्छतागृहियों, समाज सेवियों एवं बुद्वजीवियों के सहयोग से अपने गांव को एक आदर्श गांव के रूप में स्थापित कर सकते है।
सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने उपस्थित सभी ग्राम प्रधानों एवं स्वच्छता गृहियों से कहा कि अपने -अपने गांव में आये शौचालयों को 02 अक्टूबर 2018 तक हर हाल में पूर्ण कराना सुनिश्चित करें ताकि जनपद को 02 अक्टूबर 2018 तक खुले में शौचमुक्त किया जा सके। उन्होने प्रधानों से कहा कि समय कम है और काम अधिक है फिर भी सभी को इस महत्वपूर्ण कार्य में लगकर इसे समय से पूर्ण कराना है। उन्होने कहा कि शौचालय निर्माण में कही भी धनराशि की कमी नही आने दी जायेगी और जिन गांवों के लाभार्थियों ने शौचालय की पहली किस्त का उपयोग कर लिया है उनकी दूसरी किस्त की डिमाण्ड तत्काल भेज कर एवं धनराशि प्राप्त कर शेष निर्माण शीघ्र पूर्ण करायें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार ने आये हुए अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए आये हुए प्रधानों एवं स्वच्छता गृहियों से कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुसार जनपद को 02 अक्टूबर 2018 तक खुले में शौचमुक्त कराने में सहयोग प्रदान करें। सम्मेलन में भाजपा के पारूल दीक्षित, ब्लाक प्रमुख समीर सिंह एवं सभी ग्राम पंचायतों केे ग्राम प्रधान एवं स्वच्छतागृही आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचाल जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने किया तथा कहा कि मा0 अतिथियों एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों को 02 अक्टूबर 2018 तक खुले में शौचमुक्त बनायें।