सरकार ने विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य किया है – नितिन अग्रवाल

जनपद में 4 लाख 64 हजार शौचालयों का निर्माण किया जा चुका हैः- विधायक

हरदोई, सू0वि0, 25 नवम्बर 2018ः- गाँधी भवन के प्रांगण में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अन्तर्गत आयोजित स्वच्छता सम्मेलन के आयोजन में मुख्य अतिथि विधायक सदर नितिन अग्रवाल ने कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होने जनपद के दूर दराज से आये ग्राम प्रधानों, शौचालय के लाभार्थियों एवं स्वच्छाग्रहियों को सम्बोधित किया।
विधायक ने अपने सम्बोधन में कहा कि केन्द्र और प्रदेश में हमारी सरकार के आने के उपरान्त गाॅवो में निवास करने वाली उन तमाम माताओं बहिनो के दर्द को समझा, तथा हमारी सरकार ने गाँवो के विकास के लिए स्वच्छ भारत मिशन योजना, उज्जवला योजना, आयुष्मान योजना, सौभाग्य योजना, जन धन योजना, जैसी बहुत सारी योजना को धरातल पर उतारने का कार्य किया है। जब से हमारी सरकार बनी है तब से गाँवों के विकास की बयार बदल गयी है। चाहे वह शौचालय को लेकर हो या फिर स्वास्थ्य, शिक्षा, सजगता या फिर चहुंमुखी विकास की बात हो। हमारे जनपद में तमाम योजनाओं के विकास के लिए अब तक अरबो रूपये खर्च किये जा चुके है। जिसके परिणामस्वरूप जनपद में अब तक 4 लाख 64 हजार शौचालयों का निर्माण किया जा चुका है तथा छूटे हुए परिवारों को भी इस योजना से लाभान्वित करने के लिए 84577 परिवारो को चुना जा चुका है। इस योजना में अब तक 3 अरब 75 करोड़ रूपये खर्च किये जा चुके हैं। जनपद के अधिकारियों, ग्राम प्रधानों एवं स्वच्छताग्रहियों के सहयोग से इस लक्ष्य को पूरा किया जा चुका है। इसके परिणाम स्वरूप 30 नवम्बर 2018 को हमारा जनपद ओडीएफ घोषित किये जाने की कगार पर है।
स्वच्छता सम्मेलन में मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार ने अपने सम्बोधन में कहा कि जनपद के 1889 गाँवों में शौचालय का कार्य पूरा किया जा चुका है। जिसके परिणाम स्वरूप हमारा जनपद 30 नवम्बर 2018 को ओडीएफ घोषित किया जायेगा।
इतना लम्बा लक्ष्य एक या दो लोगों के सहयोग से पूरा नही किया जा सकता था। इसको पूरा करने के लिए जनपद के उन तमाम लोगों को हमारा साधुवाद जिन लोगो ने इस कार्यक्रम बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। इस मौके पर शौचालय के लाभार्थियों, ग्राम प्रधानों एवं स्वच्छाग्राहियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन में जिला पंचायतराज अधिकारी अनिल कुमार सिंह, समस्त एडीओ पंचायत, स्वच्छाग्रही, लाभार्थी एवं प्रधानगण उपस्थित रहे।