कछौना (हरदोई) : लॉकडाउन से उपजे संकटकाल में आम वर्ग व अभिभावकों को आर्थिक मदद करने के लिए नगर व ग्रामीण अंचलों के कई निजी स्कूलों द्वारा तीन महीनों की फीस माफी व 2020-21 के प्रवेश शुल्क ना लेने की घोषणा की गई है। स्कूलों द्वारा की गई इस फीस माफी रूपी रियायत का सिलसिला लगातार जारी है जिससे अभिभावक वर्ग अत्यंत राहत महसूस कर रहा है।
शैक्षिक सत्र शुरू होने से पहले कई विद्यालयों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। फीस माफी के शुरू हुए इस क्रम में नगर के बेहतरीन शिक्षण संस्थान सन साइन कॉन्वेंट स्कूल के प्रबंधक सुनील सोनी ने फीस माफी की जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय प्रबंधन समिति ने सर्वसम्मति से तीन महीने की फीस ना लेने का निर्णय लेते हुए अपने अभिभावकों को राहत प्रदान की है। नगर के रेलवेगंज में स्थित लाला भभूती प्रसाद बाल शिक्षा निकेतन के प्रबंधक अजय गुप्ता ने भी अपने अभिभावकों के लिए राहत की दिशा में कदम उठाते हुए फीस माफ करने की घोषणा की। वहीं विकासखंड कछौना के ग्राम गैसिंहपुर में विशाल प्रांगण व सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित विद्यालय होरीलाल सिंह साइंस इंटर कॉलेज के प्रबंधक यशवंत सिंह तोमर ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन ने अप्रैल, मई, जून महीने व शैक्षिक सत्र 2020-2021 के प्रवेश शुल्क को मुक्त करते हुए अध्ययनरत छात्र छात्राओं व अभिभावकगणों को आर्थिक रूप से मदद पहुंचाते हुए राहत प्रदान की है। विद्यालय के संस्थापक बसंत सिंह तोमर ने प्रबंधन समिति के इस कदम की सराहना करते हुए आभार प्रकट किया है। विद्यालयों द्वारा किए गए इस सराहनीय योगदान को अभिभावक समुदाय बेहद तारीफ कर रहा है और उन सभी शेष बचे विद्यालयों की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहा है जिन्होंने अभी तक फीस माफ करने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किया है। आशा है कि जल्द ही शेष विद्यालय भी मानवीय दृष्टिकोण के आधार पर जनहित में फीस माफी की घोषणा करेंगे।
रिपोर्ट ➖ “एस.बी.सिंह सेंगर