उत्तर प्रदेश के होमगॉर्ड्स राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अनिल राजभर ने आज एक निजी अस्पताल में भर्ती होमगार्ड जवान सीताराम सिंह को विभाग की तरफ से 10,000 रुपये की चेक प्रदान कर आर्थिक मदद दी। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवान की चिकित्सा के लिए पूरी मदद की जाएगी।
श्री राजभर ने अस्पताल में सीताराम की देखभाल कर रही डॉक्टर से मिलकर घायल जवान के स्वास्थ और चिकित्सा की जानकारी ली। डॉक्टर ने राज्यमंत्री को घायल होमगार्ड को आयी चोटों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुछ चोटों को ठीक होने में समय लगेगा। होमगार्ड जवान सीताराम वित्त-अनुभाग में कार्यरत हैं जिन्हें 21 दिसम्बर को घर लौटते समय लाल बत्ती चौराहे पर एक दुपहिया वाहन ने टक्कर मार दी थी। होमगार्ड जवान की चिकित्सा के लिए चेक प्रदान करते समय राज्य मंत्री के साथ जिला कमांडेंट लखनऊ श्री कृपाशंकर पांडेय एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।