जनपद में 21 जून 2018 को चतुर्थ अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन से सम्बन्धित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने अधिकारियो को निर्देशित करते हुए बताया कि इस आयोजन के जनपद स्तरीय नोडल के रूप में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी को नामित किया गया है। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन 21 जून को प्रातः 7.00 बजे से 8.00 तक जनपद के विभिन्न स्थलों पर किया जायेगा। जनपद के चार प्रमुख स्थलों पर आयोजन के लिए नोडल अधिकारी नामित किये गये है, जिसमें जिला विकास अधिकारी तथा जिला कृषि अधिकारी को गांधी भवन प्रांगण में, अपर जिलाधिकारी एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को कलेक्ट्रेट परिसर, उप जिलाधिकारी सदर एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हरदोई को शहीद उद्यान तथा नगर मजिस्ट्रेट एवं अतिरिक्त अधिकारी प्रथम को योगा वेलनेस सेण्टर का नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया है कि इन चार स्थलों के अतिरिक्त नगर के प्रमुख पार्कों में भी अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जायेगा। नगर के पार्कों की सूची के लिए अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित करते हुए जनपद के नोडल अधिकारी/क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये, तथा योग दिवस को सफल बनाने के लिए सभासदों/प्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियो को भी आमंत्रित करने के लिए कहा। उन्होने ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि संकुल स्थानों का चयन करते हुए स्वप्रेरणा से शिक्षक एवं छात्रो को योग दिवस में भाग लेने के लिए प्रेरित करे। इसी प्रकार जिला विद्यालय निरीक्षक नगर के विद्यालयों में योग दिवस के आयोजन की व्यवस्था करेंगे। इसी प्रकार जनपद की समस्त तहसीलो पर उप जिलाधिकारी योग दिवस का आयोजन करेंगे तथा समस्त ब्लॉकों पर खण्ड विकास अधिकारी योग दिवस करायेंगे। समस्त खण्ड विकास अधिकारी ग्राम स्तर पर प्रधानों एवं ग्राम वासियों को प्रेरित करते हुए योग को अपनाकर निरोग रहने के लिए योग दिवस के अवसर पर योगा आयोजन करने के लिए प्रेरित करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया कि क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी/नोडल अधिकारी योग दिवस से सम्बन्धित स्थलो की सूची मुख्य चिकित्साधिकारी को उपलब्ध करा दें ताकि योगाभ्यास के समय आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जा सके। योग दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त अधिकारीगण चार स्थलों में से किसी एक स्थल के कार्यक्रम में अवश्य सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि जनपद के नोडल अधिकारी पतंजलि योगपीठ, नेहरू युवा केन्द्र, एन0जी0ओ0, एन0सी0सी0, एन0एस0एस0, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी से योग प्रशिक्षकों की सूची प्राप्त करते हुए समस्त योग स्थलों पर उनकी तैनाती निर्धारित करेंगे। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार, जिला विकास अधिकारी राजितराम मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एस0के0 रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी, एल0डी0एम0, डी0आई0ओ0 एन0आई0सी0 सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।