हरदोई- बेनीगंज कोतवाली इलाके में 24 जनवरी को रामगढ़ चीनी मिल के गन्ना सेंटर पर पड़ी डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने 5 शातिर डकैत गिरफ्तार किये है जिनके कब्जे से एक पिकअप डाला दो बाइक व एक तमंचा कारतूस बरामद किये है।
चौकीदार को बंधक बनाकर पड़ी डकैती में पकड़े गए बदमाश सीतापुर खीरी निवासी है और सभी का आपराधिक इतिहास है।इस खुलासे में सर्विलांस सेल की टीम व बेनीगंज पुलिस रही।खुलासा करने वाली टीम को एसपी ने 11 हजार का इनाम दिया है।
कोतवाली बेनीगंज के भगवंतपुर के पास बघौली प्रताप नगर मार्ग पर स्थित रामगढ़ चीनी मिल का गन्ना सेंटर है। जहां पर बुधवार 24 जनवरी की रात करीब आधा दर्जन बदमाशों ने आकर सेंटर पर मौजूद चौकीदार अशोक कुमार को दबोच लिया। लात-घूसों से पीटने के बाद उसे बंधक बनाकर डाल दिया। इसके बाद सेंटर पर रखे 10 कुंतल कांटा बांट, एक बैटरी मशीन, एक इंवर्टर व एक टॉर्च लूट कर फरार हो गए। किसी तरह बंधनमुक्त होने के बाद पीड़ित ने लूटपाट की सूचना रात में ही बेनीगंज पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन की। बदमाशों की इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया था।
इस डकैती के खुलासे के लिए एसपी आलोक प्रियदर्शी के निर्देश पर एएसपी पश्चिमी व सीओ हरियाँवा के नेतृत्व में सर्विलांस सेल स्वाट टीम व बेनीगंज कोतवाल को लगाया गया था।मामले का खुलासा करते हुए एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग वही सामान बेंचन के लिए कानपुर जा रहे है तो टीम ने बरगदिया तिराहे पर नाकाबंदी करके एक पिकअप व दो बाइकों को रोंक लिया।एसपी ने बताया कि पूछताछ में सभी हड़बड़ा गए और डकैती में गन्ना सेंटर का गया माल पिकअप से बरामद हो गया जबकि घटना में प्रयुक्त दो बाइकें एक देशी तमंचा व कारतूस बरामद की गयी।
एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाश राकेश उर्फ छोटे,निवासी पेदरहिया थाना महोली,अवधेश निवासी नेकपुर थाना महोली व सफीक निवासी महोली सीतापुर व शरीफ निवासी मितौली व मुकेश निवासी मैगलगंज खीरी बताये।एसपी ने बताया कि सभी का आपराधिक इतिहास है और सभी को जेल भेजा गया है।खुलासे में अहम भूमिका निभाने वाले सर्विलांस सेल प्रभारी आलोक सिंह इंस्पेक्टर बेनीगज समेत टीम को 11 हजार का इनाम दिया गया है।