अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ फैक्ट्री संचालक शातिर कारीगर गिरफ्तार

पुलिस को मिले भारी मात्रा में अवैध शस्त्र उनके पुर्जे व उपकरण 

             हरदोई- पुलिस ने अवैध शस्त्रो के  जखीरे के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है, गिरफ्तार शातिर कारीगर अरसे से शस्त्र फैक्ट्री का संचालन करता आ रहा है व कई बार जेल भी जा चुका है, गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के पास से बने-अधबने ढेरों असलहे जिनमें देशी बंदूक, अद्धी बंदूक, देशी तमंचे, रायफल की बैरल कथा अवैध शस्त्र के पुर्जे व इनके निर्माण में काम आने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं, पुलिस द्वारा गिरफ्तार शातिर अवैध शस्त्र कारीगर को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है।
           थाना बिलग्राम क्षेत्र के ग्राम सदरपुर से अभियुक्त रामू उर्फ रामकृष्ण रैदास पुत्र मेढई लाला को उसके आवास पर स्थित अवैध शस्त्र  फैक्ट्री का संचालन करते हुए व अवैध शस्त्रों का निर्माण और मरम्मत करते हुए गिरफ्तार किया गया है, जिसके पास से भारी मात्रा में अवैध शस्त्र देसी तमंचे, बंदूक व शस्त्रों को बनाने के पुर्जे बरामद किए गए हैं।
             गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह लगभग 8 महीने पहले जेल से छूटकर आया है तथा अवैध शस्त्र बनाने का पुराना कारीगर है, पूर्व में भी तीन बार अवैध शस्त्र बनाते हुए गिरफ्तार किया गया है तथा जेल जा चुका है, अभियुक्त ने यह भी बताया कि वह आस-पास के जिलों से अवैध शस्त्रों के आर्डर लेकर उन्हें वहां पहुंचाता था व मनमाने दाम पर बेच लेता था।
           पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने बताया गिरफ्तार अभियुक्त के पास से दस अवैध शस्त्र व उनके पुर्जे तथा भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए हैं, अभियुक्त पर हरदोई जनपद में कुल 6 मुकदमें कायम है  व वह कई बार जेल भी जा चुका है, अब उन लोगों की तलाश की जा रही है जिनको यह अवैध शस्त्र बेचता था।