देवी देवताओं पर अभद्र टिप्पणी मामले में एडीओ पर एफआईआर दर्ज कर पुलिस कार्यवाही में जुटी

                   जिले में देवी देवताओं के खिलाफ एक सहायक विकास अधिकारी एडीओ पंचायत लालबिहारी द्वारा सोशल मीडिया फ़ेसबुक पर अभद्र टिप्पणी का मामला सामने आया है। देवी देवताओं पर अभद्र टिप्पणी के बाद लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले के खिलाफ बड़ी संख्या में अधिवक्ता एसपी से मिले और आरोपी के विरुद्ध एफआईआर और गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
                  दरअसल जिले के बावन विकास खंड में तैनात सहायक विकास अधिकारी पंचायत लालबिहारी ने अपने फ़ेसबुक एकाउंट से सोशल मीडिया पर देवी देवताओं को लेकर बेहद आपत्तिजनक पोस्ट डाल दी। इतना ही नहीं एडीओ पंचायत ने अपमानजनक भाषा का उपयोग किया। जब लोगों ने इस पोस्ट को देखा तो गुस्सा भड़क उठा। पोस्ट से नाराज अधिवक्ता एसपी विपिन कुमार मिश्र के पास पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
                 इस घटना को लेकर लोग जिस तरह से गुस्से में थे उससे घटना बड़ा रूप ले सकती थी लेकिन एसपी ने अधिवक्तों को समझाकर शांत कर दिया। अधिवक्ताओं ने बताया कि इस तरह से टिप्पणी करके यह सरकारी अधिकारी भावनाएं भड़काने का काम कर रहा है। एसपी  विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज करके कार्यवाई की जा रही है।