हरदोई : राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के कालाबाजारी में पकड़े गए 5 हजार क्विंटल चावल के मामले में जिला पूर्ति अधिकारी सुनील ने यूपीएसएफसी के परिवहन एवं हैंडलिंग ठेकेदार, उनके मां-बाप दो भाई समेत कई लोगों के विरुद्ध देहात कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं मिल परिसर को सील कर पुलिस की अभिरक्षा में दे दिया गया है।
टीम ने जांच-पड़ताल के बाद दर्ज कराई एफआईआर में कहा है कि एनएफएसए के खाद्यान्न को एफसीआई से 15 फरवरी को जारी हुए डिस्पैच के अनुसार यूपीएसएफसी के ब्लाक गोदामों पर जाना चाहिए था। जबकि नयागांव स्थिति पशुपतिनाथ एग्रो फूड प्रोडक्ट एवं पशुपतिनाथ एग्रो इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को कालाबाजारी कर लाया गया। जांच में खुलासा हुआ कि यूपीएसएफसी के ब्लाक गोदाम तक पहुंचाने के लिए परिवहन एवं हैंडलिंग का ठेका कैनाल रोड निवासी राजीव गुप्ता की फर्म आरके एसोसिएट और अमित गुप्ता की फर्म हरदोई निर्माण सहकारी श्रम संविदा समिति के नाम पर है।
यूपीएसएफसी की ओर से जारी रिलीज आर्डर एवं डिस्पैच के अनुसार 15 फरवरी को जो ट्रक एफसीआई हरदोई, संडीला एवं पिहानी से यूपीएसएफसी के ब्लाक गोदाम भरावन, हरियावां, पाली, अहिरोरी एवं टोडरपुर के लिए खाद्यान्न लेकर रवाना हुए थे वह ट्रक उन गोदामों पर न जाकर परिवहन एवं हैंडलिंग ठेकेदार स्वयं के राइस मिल में लेकर आए हैं। संडीला एफसीआई से दो-दो बार चावल दोपहर 2.15 एवं 2.45 पर निकाला गया है। वहीं मिल परिसर में कई राइस मिल के टैग भी मिले हैं। साइड की सिलाई खोलकर करीब 550 क्विंटल चावल निकाला गया है।