भारत ने श्रीलंका को दूसरे ‘टी-20’ में पराजित कर श्रृंखला जीत ली है

क्रीड़ाञ्चल


समीक्षक : डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
कटक (ओडिशा) में खेले गये प्रथम ‘टी-20’ क्रिकेट मैच में श्रीलंका पर भारत की शानदार विजय के बाद आज (२२ दिसम्बर, २०१७ ई०) भारतीय बल्लेबाज़ों ने इन्दौर (मध्यप्रदेश) में खेले गये द्वितीय ‘टी-20’ मैच में जिस तरह का प्रदर्शन दिखाया था, वह क़ाबिले तारीफ़ था।
भारत ने श्रीलंका को ८८ रनों से पराजित कर, तीन मैचों की वर्तमान श्रृंखला जीत ली है।
प्रथम मैच की ही तरह टॉस जीतकर श्रीलंका ने यहाँ भी भारत को पहले बल्लेबाज़ी करने के लिए आमन्त्रित किया था। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और के० एल० राहुल ने आरम्भ के ४ ओवरों में मात्र २६ रन बना सके थे परन्तु उसके बाद रोहित शर्मा और के० एल० राहुल ने अपने ‘गेयर’ बदले और चौके-छक्के लगाने शुरू कर दिये थे। कटक के मैदान की तरह से इन्दौर का होल्कर स्टेडियम भी सपाट था। गेंदबाज़ों को विकेट से कोई मदद नहीं मिल रही थी। फिर तो १० रन प्रति ओवर के औसत से दोनों खिलाड़ी रन बनाने लगे। यही कारण था कि मात्र ८.४ ओवरों में १०० रन बन गये थे। तब तक दोनों आरम्भिक बल्लेबाज़ों ने ७ छक्के लगाये थे। खेल का चरमोत्कर्ष तब दिखा जब रोहित शर्मा ने ११.२ ओवरों में मात्र ३५ गेंदों में अपना शतक बनाकर दक्षिणअफ्रीका के बल्लेबाज़ डेविड मिलर के इस वैश्विक कीर्तिमान की समानता कर ली है। रोहित ने ४३ गेंदों का सामना करते हुए, १२.४ ओवर में कुल ११८ रन बनाये थे, जिसमें नयनाभिराम १० छक्के लगाये थे। श्रीलंकाई क्षेत्ररक्षक गरदन उठाये दर्शकों के साथ गगनचुम्बी छक्के का आनन्द लेते रहे। इसप्रकार पहले विकेट के लिए १६५ रनों की भागीदारी अति महत्त्व की रही। जब तक रोहित क्रीज़ पर थे तब तक भारत की कुल रनसंख्या ३०० के पार जाने की सम्भावना बन रही थी। रोहित ने ऑफ-स्टम्प से बाहर जा रही छोटी गेंद के साथ छेड़ख़ानी की, परिणामत: वे कैच दे बैठे। के०एल० राहुल ने ३५ गेंदों पर अपना अर्द्ध शतक बनाया था। रोहित के जाने के बाद दूसरे विकेट के लिए भारतीय बल्लेबाज़ी मध्यम गति में हो रही थी। राहुल ने आऊट होने से पहले ४८ गेंदों में ८९ रन बना लिये थे, जिनमें ८ छक्के शामिल थे। तब तक भारत ने २ विकेटों पर २४३ रन बना लिये थे। १९ वें ओवर में हार्दिक पाण्ड्या (१० रन) के रूप में भारत का तीसरा विकेट बहुत जल्दी ही गिर गया था। १९.१ वें ओवर में श्रेयस अय्यर (० रन) का चौथा विकेट उखड़ गया। १९ वें ही ओवर में धोनी (२८ रन) के रूप में भारत का पाँचवाँ विकेट गिरा। इसप्रकार २० ओवरों में भारत ने १३ रनों के औसत से ५ विकेटों पर २६० रन बना लिये थे, जिनमें २१ छक्के शामिल थे। इसके साथ ही भारत ने ‘टी-20’ का अपना अब तक का सर्वाधिक स्कोर बना लिया है। इससे पूर्व वर्ष २०१६ में वेस्ट इंडीज के विरुद्ध भारत ने ४ विकेटों पर २४४ रन बनाये थे।
श्रीलंका की ओर से प्रदीप और परेरा ने सर्वाधिकार २-२ विकेट लिये थे।
क्षेत्ररक्षण करते हुए, श्रीलंका के खिलाड़ियों ने लांग-ऑन, लांग-ऑफ, थर्ड मैन क्षेत्रों में कुछ कैच छोड़े थे, जिनमें से दो कैच आसान थे। वैसे कुल मिलाकर, श्रीलंकाई क्षेत्ररक्षण प्रभावकारी था। वैसे देखा जाये तो बाउण्ड्री-पार गेंद उड़ाने के चक्कर में अधिकतर भारतीय बल्लेबाज़ आऊट हुए थे। एक बात ज़रूर दिखी, वह यह कि श्रीलंका के कप्तान तिसारा परेरा अपने गेंदबाज़ों के साथ समय-समय पर संवाद करते हुए नहीं दिखे, जिससे उनके गेंदबाज़ अपनी-अपनी धुन में गेंदबाज़ी करते रहे।
श्रीलंका की आरम्भिक बल्लेबाज़ी शानदार दिख रही थी। शुरू की आठवीं गेंद पर जसप्रीत बुम्रा की गेंद पर निरोशन डिकवेला का कैच छूट गया और अगली ही गेंद पर डिकवेला ने ज़ोरदार छक्का लगाकर भारतीय क्षेत्रक्षकों को सजग रहने के लिए बाध्य कर दिया, फिर क्या था, ४.३ वें ओवर में उनाद कट ने ख़तरनाक दिख रहे डिकवेला को २५ रनों पर पैवेलियन भेज दिया था, तब तक श्रीलंका ने ४.३ वें ओवरों में १ विकेट पर ३६ रन बना लिये थे। उसके बाद कुसल परेरा और उपल थरंगा ने दूसरे विकेट के लिए आकर्षक खेल दिखाये थे। १२.३ वें ओवरों में मात्र ४९ गेंदों में दोनों ने मिलकर १०० रन बना लिये थे। इसप्रकार दूसरे विकेट के लिए १४५ रनों की साझेदारी हुई थी। श्रीलंका के बल्लेबाज़ भारतीय स्पिनरों : यजुवेन्द्र चहल और कुलदीप की गेंदों को बाउण्ड्री-पार उड़ाते दिख रहे थे।
दूसरे विकेट का पतन होते ही खेल का पूरा रुख़ भारत की ओर उस समय मुड़ता हुआ दिखा, जिस समय स्पिनर कुलदीप यादव ने मात्र ७ रनों पर श्रीलंका के ३ खिलाड़ियों को पैवेलियन का रास्ता दिखा दिये थे। उसके बाद आयाराम-गयाराम का मंज़र दिख रहा था। वहीं यजुवेन्द्र चहल ने ४ विकेट लेकर श्रीलंका के बल्लेबाज़ों की कमर तोड़ दी थी।
अन्तत:, श्रीलंका के सभी बल्लेबाज़ ९ विकेटों पर १७२ रन बनाकर आऊट हो गये। श्रीलंका की ओर से कुल १० छक्के लगाये गये थे। गम्भीर रूप में घायल होने के कारण एण्ड्रयू मैथ्यू बल्लेबाज़ी करने के लिए नहीं आये।
इस पूरे मैच में कुल ३१ छक्के लगाये गये थे।
भारत के बल्लेबाज़ के० एल० राहुल को ‘प्लेयर ऑव़ द मैच’ और रोहित शर्मा को ‘मैन ऑव़ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
(सर्वाधिकार सुरक्षित : डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, इलाहाबाद; २२ दिसम्बर, २०१७ ई०)