अन्तत:, भारतीय क्रिकेट चयन-समिति भंग की गयी!

● आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

‘भारतीय क्रिकेट नियन्त्रण बोर्ड’ (बी० सी० सी० आइ०) ने ‘विश्व कप टी-20 क्रिकेट-प्रतियोगिता– २०२२ मे भारतीय दल की शर्मनाक हार के बाद ‘उच्चस्तरीय चयन-समिति’ को १८ नवम्बर को भंग कर दिया था; अब नये सिरे से चयन-समिति गठित की जायेगी। मुख्य चयनकर्त्ता चेतन चौहान-सहित सभी को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है, जिनमे सुनील जोशी, देवाशीष मोहन्ती तथा हरविन्दर सिंह सम्मिलित थे। अब नयी चयन-समिति के गठन के लिए सुयोग्य और भूतपूर्व वरिष्ठ खिलाड़ियों से आगामी २८ नवम्बर तक आवेदनपत्र आमन्त्रित किये गये हैं।

उल्लेखनीय है कि चयन-समिति चारों चयनकर्त्ताओं की अनुपस्थिति मे अचानक भंग कर दी गयी थी, तब वे सभी ‘विजय हजारे ट्रॉफ़ी’ क्रिकेट-टूर्नामेण्ट देख रहे थे।

सुगबुगाहट तो यह भी मिल रही है कि हार के लिए ज़िम्मादार कई वरिष्ठ खिलाड़ियों पर भी बोर्ड की तलवार लटकी हुई है। उस सूची मे कप्तान रोहित शर्मा, के० एल० राहुल, ऋषभ पन्त तथा भुवनेश्वर कुमार शामिल हैं। पॉवर-प्ले मे भारतीय आरम्भिक बल्लेबाज़ों :– रोहित और राहुल की बेहद धीमी शुरुआत भारत की हार का कारण रही।

बेशक, उपर्युक्त बोर्ड के अधिकारियों की ओर से किया गया यह निर्णय स्वागत-योग्य है, ताकि वैसे अति शिथिल प्रदर्शन की पुनरावृत्ति न की जा सके।

◆ चित्र-विवरण– चयन-समिति के चारों सदस्य।
(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; १९ नवम्बर, २०२२ ईसवी।)