एशियाई युवा मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में भारतीय महिलाओं ने जीते तीन स्वर्ण पदक

बैंकाक में एशियाई युवा मुक्केबाजी चैम्पियनशिप में भारतीय महिलाओं ने तीन स्वर्ण पदक जीत लिये हैं। नीतू घंघास ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में पहला स्वर्ण हासिल किया। मनीषा ने 64 किलोग्राम और ललिता ने 69 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अर्जेंटीना में अक्टूबर में होने वाले युवा ओलंपिक के लिये क्वालीफाइ किया।

वहीं सायना नेहवाल और एच एस प्रणॉय बैडमिन्‍टन एशिया चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंच गये हैं। सेमीफाइनल में सायना का सामना चीनी ताइपे की ताई त्ज़ू यिंग से होगा। पी वी सिंधू को कोरिया की सुंग जी ह्यून से हार का सामना करना पड़ा। पुरुष सिंगल्स में एच एस प्रणॉय ने कोरिया के सोन वान हो को हरा कर अंतिम चार में जगह बनाई।