प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पूर्वोत्तर को विकास यात्रा का हिस्सा बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की है और कहा है कि आज के चुनावी नतीजों से कांग्रेस शासित राज्यों की संख्या में और गिरावट आई है । प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनावों में हार जीत होना लोकतंत्र का हिस्सा है ।
नई दिल्ली में त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय विधानसभा चुनावों के परिणाम घोषित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि वास्तु शास्त्र में कहा गया है कि पूर्वोत्तर भवन का केन्द्र होता है और पूर्वोत्तर को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई गई हैं । उन्होंने कहा कि इसके साथ ही पूर्वोत्तर क्षेत्र देश की विकास यात्रा का नेतृत्व करेगा । जो वास्तु-शास्त्र वाले लोग होते हैं वो कहते हैं कि वास्तु-शास्त्र के हिसाब से इमारत की रचना जो होती है उसमें जो नॉर्थ-ईस्ट का कोना होता है वो सबसे महत्वपूर्ण होता है और इसलिए सारा फोकस वास्तु-शास्त्री नॉर्थ-ईस्टपर ही रखते हैं । मतलब कि एक बार नॉर्थ-ईस्ट ठीक हो गया, तो पूरी इमारत ठीक हो जाती है ।