कछौना, हरदोई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में जय हिंद जय भारत मंच ने एक्सरे मशीन लगवाने के लिए क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा को पत्र लिखकर मांग की। जिससे आमजनमानस को राहत मिल सकें।
बताते चलें कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना के लगभग एक लाख 75 हजार आबादी को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कराता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना को लगभग 400 मरीज प्रतिदिन विभिन्न बीमारियों के आते हैं। वर्तमान समय में सड़क दुर्घटनाओं में काफी इजाफा है। मरीज को एक्स-रे की आवश्यकता होती है। जिससे समुचित इलाज हो सके, परंतु एक्सरे मशीन न होने के कारण मरीज को रिफर कर दिया जाता है। जिससे वह प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज कराने को विवश होता है। निजी अस्पतालों में उसका आर्थिक शोषण होता है।
स्वास्थ्य केंद्र कछौना में एचसीएल फाउंडेशन द्वारा अल्ट्रासाउंड मशीन कई वर्षों पूर्व लगाई गई थी। कुछ दिन मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए गए, महिला डॉक्टर पूनम गुप्ता ने इसके लिए विधिवत प्रशिक्षण किया उन्होंने कुछ दिन अल्ट्रासाउंड करने के बाद बंद कर दिया। लाखों रुपए लागत की अल्ट्रासाउंड मशीन धूल फांक रही है। गर्भवतियों को परेशानी भी उठानी पड़ती है। गर्भवती दर-दर भटकने को विवश हैं। दोनों ज्वलंत समस्या के लिए सदस्य विधान परिषद अशोक अग्रवाल ने सदन में स्वास्थ्य मंत्री के सामने मुद्दा उठाया, परंतु सरकार ने मामले को खानापूर्ति कर कर्तव्यों की इतिश्री कर ली।
जय हिंद जय भारत मंच ने क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा से ज्वलंत समस्या के विषय में एक्सरे मशीन लगवाने व अल्ट्रासाउंड मशीन चालू करने की मांग की।
—पी०डी० गुप्ता