लखनऊ मंडल के एक हजार हस्तशिल्पियों को दिया जाएगा 10 लाख रुपये तक का लोन

आयुक्त एवं निदेशक, उद्योग व प्रोत्साहन, श्री रणवीर प्रसाद ने कहा है कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत आगामी 24 जनवरी को होने वाले मेगा ऋण वितरण कार्यक्रम में 10 लाख रुपये तक का लोन लखनऊ मंडल के एक हजार हस्तशिल्पियों को दिया जाएगा । इस बारे में हस्तशिल्पियों को जागरूक करने के लिए 8 से 15 दिसम्बर तक हुसैनाबाद, कश्मीरी मोहल्ला, मुफ्तीगंज, चिनहट, ठाकुरगंज, डालीगंज, महोना, मड़ियांव में जनजागृति शिविरों का संचालन किया जा रहा है । उपायुक्त श्री सर्वेश्वर शुक्ला ने बताया कि हस्तशिल्पियों के प्रोत्साहन के लिए कैसरबाग, लखनऊ, स्थित जिला उद्योग केन्द्र के एक्पो मार्ट में हस्तशिल्प मेले का आयोजन किया गया है, जहां असली हस्तशिल्प की कलाकृतियों की पहचान करने की जानकारी हस्तशिल्पियों द्वारा दी जा रही है ।