बालामऊ ग्राम पंचायत में ग्राम सुरक्षा समिति की बैठक हुई आयोजित, समिति गठन के साथ पुलिस से हुआ संवाद

रिपोर्ट- पी०डी०गुप्ता 


कछौना(हरदोई)- पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम सुरक्षा समितियों का गठन करके व उससे सीधा संवाद करने का निर्देश दिया गया है, जिससे पुलिस व आम जनमानस के मध्य सीधा सम्बंध स्थापित हो सके। बुधवार को उपनिरीक्षक सर्वेश कुमार ने अपनी पुलिस टीम के साथ ग्राम सभा बालामऊ में ग्राम सुरक्षा समिति की बैठक की, जिसमें ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुये गाँव की समस्याओं से रूबरू हुये।

इस बैठक में ग्रामीणों ने गाँव में बड़े पैमाने पर कच्ची शराब की बिक्री की शिकायत की। जिस पर गाँव निवासियों ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुये कहा कि शिकायत करने पर पुलिसकर्मी कच्ची शराब बिक्री करने वालों से सुविधा शुल्क लेकर छोड़ देती है जिससे इन लोगों के हौसलें बुलंद हैं। वहीं युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आकर अपना भविष्य बरबाद कर रही है। कच्ची शराब के कारण लड़ाई झगड़ा व छेड़छाड़ की घटनाएं आये दिन घटती रहती हैं। जिस पर उपनिरीक्षक ने बताया ऐसे लोगों को चिन्हित करके इनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्यवाही की जायेगी। ग्रामीणों ने अपने गाँव की सुरक्षा के लिये ग्राम सुरक्षा समिति बैठक में बढ़ चढ़ कर भाग लिया व गाँव में 10 व्यक्तियों की समिति के साथ ग्राम सुरक्षा समिति का गठन किया गया जो रात में पहरेदारी करेगी। सैकड़ों ग्रामीणों ने गोष्ठी में भाग लिया।