- अडाणी समूह और राहुल गांधी की लोकतंत्र संबंधी टिप्पणी के मुद्दों पर लगातार 14वें दिन संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही बाधित।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज राष्ट्रपति भवन में दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में 2023 के पद्म पुरस्कार प्रदान किये।
- ओआरएस के जनक डॉक्टर दिलीप महालनाबिस और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को मरणोपरांत पद्म विभूषण पुरस्कार दिया गया।
- महान गायिका वाणी जयराम को मरणोपरांत पद्म भूषण दिया गया। इस अवसर पर आकाशवाणी से बातचीत में उनकी बहन ने बताया कि वे विलक्ष्ण प्रतिभा की धनी थी और उन्होंने 19 भाषाओं में गायन किया था।
- राष्ट्रपति ने सुधा मूर्ति, भौतिक विज्ञानी प्रोफेसर दीपक धर, कन्नड़ लेखक डॉक्टर एस.एल. भैरप्पा और आध्यात्मिक गुरू त्रिदंडी चिन्ना जीयर स्वामीजी को पद्म विभूषण पुरस्कार प्रदान किया।
- राष्ट्रपति ने संगीतकार एमएम कीरावनी, पिथौरा चित्रकार परेश राठवा, जल संरक्षणवादी उमाशंकर पांडे, संबलपुरी लोक गायक कृष्णा पटेल, गणितज्ञ सुजाता रामदोराई, शिक्षक आनंद कुमार, और अभिनेत्री रवीना टंडन सहित औषधीय पौधा किसान पटेट कुमार साहू को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया।
- कुष्ठ प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता गजानन जगन्नाथ और लकड़ी की नक्काशी के माध्यम से माओवादियों के पुनर्वास के लिए काम करने वाले अजय कुमार मंडावी को पद्म श्री से सम्मानित किया गया।
- पिछले महीने की 22 तारीख को राष्ट्रपति ने पहले नागरिक समारोह में 54 पद्म पुरस्कार प्रदान किए थे।।
- केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों को कल हनुमान जन्मोत्सव के दौरान कानून व्यवस्था बनाये रखने का परामर्श जारी किया।
- महाराष्ट्र सरकार ने कहा है कि राज्य में बेमौसम बारिश को प्राकृतिक आपदा माना जाएगा।
- उच्चतम न्यायालय ने केन्द्रीय एजेन्सियों के कथित दुरूपयोग पर विपक्षी दलों की याचिका खारिज की।