वृहद गौशाला निर्माण हेतु धनराशि स्वीकृति होने के बाद भी नगर पंचायत नहीं करा रही निर्माण कार्य

कछौना (हरदोई): शासन की प्राथमिकता के चलते छुट्टा गौवंशो से निजात दिलाने के लिए नगर पंचायत कछौना पतसेनी में क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा के वृहद गौशाला बनवाने के प्रस्ताव पर शासन ने स्वीकृत करा दी। परंतु नगर पंचायत व राजस्व कर्मियों की शिथिलता के चलते नगर में वृहद गौशाला का निर्माण अधर में लटका है। जिससे छुट्टा गौवंशों से आम नागरिक व किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

बताते चलें कि शासन आवारा गौवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रयासरत है। इसके लिए अस्थाई गौशाला, कान्हा गौशाला, वृहद गौशाला का निर्माण ग्राम पंचायतों व नगर निकायों में सतत करा रही है। छुट्टा गौवंशो के चलते किसानों अपनी फसल बचाने के लिए रतजगा करने को विवश हैं। छुट्टा गौवंशो के कारण आए दिन सड़क दुर्घटना में आम नागरिक चुटहिल हो रहे हैं। छुट्टा गौवंश बाजार में आपस में लड़ते हुए देखे जा सकते हैं।

नगर पंचायत कछौना पतसेनी के किसान छुट्टा गौवंशो से आजिज आकर कस्बे में स्थित अंत्येष्टि स्थल में एक पखवारा में गौवंशों को बंद कर दिया था। जिन्हें पशु विभाग ने ग्रामीण क्षेत्र में स्थित गौ आश्रय स्थल में शिफ्ट कराया था। कस्बे में वर्तमान समय में कांजी हाउस चल रहा है, उसकी क्षमता मात्र एक दर्जन गौवंशों के रखने की है। छुट्टा जानवरों की ज्वलंत समस्या है। किसान व बेजुबान पशु दोनों मुश्किल में है। चुटहिल होने पर बेजुबान गौवंश कई दिनों तक घायल अवस्था में पड़े रहकर तड़प-तड़प कर मरने को विवश होते हैं। आए दिन छुट्टा गौवंश रेलवे ट्रैक में ट्रेन के हादसे का शिकार होते हैं। शासन द्वारा लाखों रुपए की धनराशि स्वीकृत होने के बावजूद विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के चलते किसान के सामने छुट्टा गौवंशों की समस्या से निजात नहीं मिल रही है। मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत का कहना है राजस्व विभाग अभी तक भूमि नहीं उपलब्ध करा सका है, जिससे वृहद गौशाला का निर्माण अधर में लटका है। लाखों रुपए की धनराशि डंप पड़ी है। शिथिल कार्यवाही को लेकर नागरिकों में काफी आक्रोश व्याप्त है ।

रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता