कछौना, हरदोई। ग्रामीण क्षेत्र की खेलकूद प्रतिभाओं को विकसित करने के लिए गांव-गांव खेलकूद मैदानों का विकसित करने की कार्य योजना सरकार ने की, परंतु अधिकतर सार्वजनिक व खेलकूद मैदानों पर स्थानीय ग्रामीणों ने कब्जा कर रखा है। जिससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद से वंचित होना पड़ता है।
विकासखंड कछौना की ग्राम सभा त्यौरी मतुआ के ग्राम त्यौरी में स्थित खेलकूद मैदान पर अवैध कब्जा खाली कराकर विकसित करने की मांग युवक मंगल दल ने जिला प्रशासन से की थी। युवक मंगल दल ने जिला प्रशासन को मांग पत्र में बताया खेलकूद मैदान गाटा संख्या 430 क्षेत्रफल 0.4510 हेक्टेयर राजस्व अभिलेखों में युवक मंगल दल में दर्ज है। जिस पर आसपास के किसानों ने कब्जा कर रखा है। गांव के युवाओं को खेलकूद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है। युवक मंगल दल की मांग पर राजस्वकर्मी दीपक पाल व ग्राम प्रधान ने मौके पर पहुंचकर खेलकूद मैदान की पैमाइश की। कब्जाधारकों को तत्काल खाली कराने की नोटिस जारी की गयी। ग्राम प्रधान मोहम्मद असद ने बताया इस खेलकूद मैदान को शीघ्र मनरेगा से विकसित किया जाएगा। जिससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद के लिए बेहतर मंच मिल सके। गांव की कोई प्रतिभा बेहतर मंच न मिलने के कारण दब न जाए, उन्होंने कहा स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क विकास करता है, इसलिए युवाओं के लिए खेलकूद आवश्यक है। खेलकूद से नौनिहालों व युवाओं का सर्वांगीण विकास होता है। मैदान विकसित होने की शुरुआत से युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता