नामित सभासद ने बोर्ड बैठक में दिए अहम प्रस्ताव, सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे हटवाने सहित सात वार्डों के नाम बदलने की मांग

कछौना (हरदोई)। नगर पंचायत कछौना पतसेनी के तिलकनगर वार्ड निवासी नामित सभासद व भारतीय जनता पार्टी-हरदोई के जिला प्रतिनिधि/जिला कार्यसमिति सदस्य ब्रह्म कुमार सिंह ने तीन सितंबर को आयोजित हुई नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में नगर की सरकारी कीमती जमीनों से अवैध कब्जे हटवाने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव देकर नगर के भूमाफियाओं में हलचल मचा दी है।

उन्होंने मांग की है कि नगर पंचायत की सरकारी जमीनों व धार्मिक स्थलों पर व्याप्त अवैध कब्जे हटाने के साथ-साथ नगर के सात वार्डों के नाम बदलकर देश की महान विभूतियों के नाम पर रखा जाए।

बताते चलें कि बीते शनिवार को नगर पंचायत कछौना पतसेनी कार्यालय पर आयोजित बोर्ड बैठक में नगर के नामित सभासद ब्रह्म कुमार सिंह ने लोकहित व अवैध कब्जों से जुड़े कई अहम बिंदुओं पर प्रस्ताव देकर बोर्ड के सभी सदस्यों, नगर अध्यक्षा मीनू तथा बैठक में मौजूद बालामऊ विधायक रामपाल वर्मा व सदस्य विधान परिषद हरदोई अशोक अग्रवाल से प्रस्ताव पर सहमति प्रदान करने व शासन स्तर से मंजूरी दिलाने का अनुरोध किया है। साथ ही उन्होंने नगर के सात ऐसे वार्ड जिनके सामान्य नाम प्रचलित हैं उनके नाम देश या कछौना नगर की महान विभूतियों के नाम पर रखने की भी मांग की है। उन्होंने अपने प्रस्ताव में नगर के धार्मिक मान्यताओं, होली-दीपावली आदि त्यौहारों व सामाजिक कार्यों/संस्कारों(अंत्येष्टि अथवा अन्य संस्कारों आदि से संबंद्ध) से संबंधित सार्वजनिक स्थलों को चिन्हित कर वहां से अतिक्रमण/अवैध कब्जा हटवाकर सुरक्षित रखने, नगर के पुराने-धार्मिक मान्यताओं से जुड़े कुओं का जीर्णोद्धार करने, प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भूमाफियाओं/संस्थाओं द्वारा अवैध कब्जा कर व्यवसायिक उपयोग पर लगाम लगाने, नगर पंचायत के गठन के समय नगर के आधीन आवंटित सरकारी भूमि की राजस्व विभाग द्वारा जांच कराकर अवैध कब्जामुक्त कराने, नगर में खेल मैदान व पार्क बनवाने हेतु भूमि चयन करने सहित नगर में जल-निकासी की समस्या का स्थाई समाधान करने की भी मांग की है। नगर के वार्डों के नाम बदलने की मांग करते हुए उन्होंने वार्ड नंबर 4-रेलवेगंज पश्चिमी का नाम डॉ० अब्दुल कलाम नगर, वार्ड नंबर 6-कछौना पतसेनी चौराहा पश्चिमी का नाम कृष्णानगर, वार्ड नंबर 8-रेलवेगंज पूर्वी का नाम सिद्धार्थ नगर, वार्ड नंबर 9-इमलीपुर(नटपुरवा) का नाम एकलव्य नगर, वार्ड नंबर 10-कछौना पतसेनी चौराहा पूर्वी का नाम सरदार पटेल नगर, वार्ड नंबर 11-कछौना बाजार पश्चिमी का नाम अटल नगर व वार्ड नंबर 12-कछौना बाजार पूर्वी का नाम बदलकर प्रवासी नगर रखने का भी प्रस्ताव दिया है।

नगर की बेशकीमती व सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे के संदर्भ में उन्होंने बताया कि नगर के कई सरकारी भूखंडों/गाटाओं पर अवैध कब्जे व्याप्त हैं। नगर की आस्था के प्रमुख केन्द्र बाबा कुशीनाथ मंदिर परिसर/भूखंड में बिना सामाजिक सहमति के मंदिर समिति (बाबा कुशीनाथ मंदिर ट्रस्ट कमेटी) ने लगभग डेढ़ दर्जन व्यवसायिक दुकानें बनाकर समिति द्वारा लाखों रुपए की वसूली करने सहित दुकानों से प्रतिमाह हजारों रुपए किराया वसूला जा रहा है। पूर्वजों के समय से वहां स्थित पीपल के पेड़ के पास मृत्युपरांत संस्कारों का निष्पादन किया जाता था लेकिन मंदिर समिति की मनमाने रवैए के चलते आज संस्कारिक कार्यों के लिए लोग इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। मंदिर समिति ने सुनियोजित तरीके से मंदिर के संस्थापक/मुख्य ट्रस्टी के उत्तराधिकारियों/उनके परिवार से जुड़े कई लोगों को समिति से बाहर कर दिया है। नगर पंचायत प्रशासन की मिलीभगत से नगर के अवैध कब्जेधारों ने कई धार्मिक स्थलों को भी नहीं छोड़ा है जिससे आज धार्मिक मान्यताओं से जुड़े स्थान अपना अस्तित्व खोने की कगार पर पहुंच गए हैं। मंदिर समिति को नगर के विकास से कोई मतलब नहीं है, समिति से जुड़े जिन लोगों के पास कमान है वो या तो बाहर रहते हैं या शायद उन्हें भी समाज से कोई लेना-देना नहीं है। लाखों रुपयों की लालच में आकर हमारी धार्मिक परंपराओं/मान्यताओं व स्थलों को नष्ट करने का कुत्सित प्रयास किया जा रहा है जिस पर हम सभी को गंभीरता से विचार करना पड़ेगा। आगामी तीन साल बाद नगर पंचायत अपने गठन की स्वर्ण जयंती मना रही होगी और तब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अपने गठन से लेकर पचास साल का सफर पूरा करने वाली नगर पंचायत कछौना पतसेनी आदर्श नगर पंचायत के रूप में कितना स्थापित हो सकी है। ब्रह्म कुमार सिंह के इन प्रस्तावों/मांग का नगरवासियों ने स्वागत करते हुए इस पहल के लिए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया है।

इस संदर्भ में जब नगर अध्यक्षा मीनू तथा बाबा कुशीनाथ मंदिर ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता से उनका पक्ष जानने हेतु संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन दोनों से संपर्क स्थापित नहीं हो पाया, वहीं नगर पंचायत के नवांगतुक अधिशासी अधिकारी रामबदन यादव का सीयूजी नंबर भी लगातार स्वीच-ऑफ जाता रहा। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष डॉ० अनिल कुमार गुप्ता ने बातचीत के दौरान बताया कि मंदिर समिति पर लगाए जाने वाले सभी आरोप निराधार हैं। मंदिर परिसर में दुकानें काफी पहले से ही बनी हुई हैं। मंदिर समिति वंश-परम्परा पर आधारित नहीं है, वो अपने नियमानुसार ही संचालित हो रही है।

रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ