बेटे की हत्या पर बेबस मां ने एक साल के इंतजार के बाद तोड़ी चुप्पी, किया आत्मदाह का प्रयास

डीएम आफिस का किया घेराव, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

               हरदोई में अपने लड़के के हत्यारों की गिरफ्तारी को लेकर बेबस मां ने डीएम की चौखट पर हंगामा काटा, मां का कहना है कि एक साल बीत जाने के बाद भी अब तक आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बेबस मां ने शहर कोतवाली पर पहुंचकर पुलिस वालों पर गाली गलौच का भी आरोप लगाया है। शहर कोतवाली के अंतर्गत कस्बे में महिला के बेटे की हत्या हुई थी। जिस लड़के की हत्या हुई उसका नाम रोहित था। शहर कोतवाली क्षेत्र में करीब एक साल पहले हुई युवक की हत्या का खुलासा पुलिस नहीं कर सकी। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर डीएम कार्यालय के सामने हंगामा काटा।यहां तक मृतक की माँ ने डीएम आफिस के बरामदे में माचिस जलाकर आत्मदाह का प्रयास भी किया।
                 इससे पूर्व करीब पांच माह पहले परिजन एसपी के यहां गए थे और हंगामा किया था ये देख पुलिस अधीक्षक भी बाहर आए तो परिजनों ने एसपी को बताया कि 23 जनवरी 2017 की रात 8:00 बजे रोहित कश्यप गल्ला मंडी के पीछे भाजपा सांसद के आवास से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर घायल अवस्था में मिला था। उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई थी। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट में गोली लगने से मौत की पुष्टि हुई थी। शहर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। मामले की विवेचना शहर कोतवाल पुलिस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया है कि हत्यारों की खोज में लापरवाही की जा रही है।हालांकि एसपी ने जल्द हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था।लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अभी खाली हैं।
                  दरअसल देहात कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत के मजरा नानकगंज ग्रांट के रहने वाले नरेश कश्यप के भाई की मौत हुई थी और मामले में हत्या का मुकदमा भी दर्ज है लेकिन आज तक पुलिस ने कुछ भी नही किया जिससे परिजनों का आक्रोश लाजिमी था।इसी के चलते उनके परिजन डीएम कार्यालय के सामने पहुंचे और हंगामा करने लगे। हंगामा देख पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन परिजन अपनी जिद पर अड़ गए और हंगामा करने लगे।हालांकि डीएम ने सीओ को बुलाकर मामले में कार्यवाही के निर्देश दिए और परिजनों को कार्यवाही का भरोसा दिलाया।