खंडहर बना पंचायत भवन, खिड़की दरवाजे भी गायब

कछौना, हरदोई। विकास खण्ड कछौना की ग्राम सभा मुसलमानाबाद का पंचायत घर अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। पंचायत घर खण्डहर में तब्दील हो गया है। 

सरकार की मंशा है कि ग्राम सचिवालय में ग्राम प्रधान व सचिव व पंचायत सहायक नियमित रूप से बैठकर गांव के विकास की योजना बनाएं। ग्राम वासियों को छोटे-छोटे कार्यो के लिए ब्लॉक मुख्यालय न दौड़ना पड़े। ग्राम सचिवालय में परिवार रजिस्टर नकल, निवास प्रमाण, पत्र पेंशन फार्म, सरकारी योजनाओं के आवेदन भरे जा सके। नियमित बैठक कर ग्राम सभा की विकास कार्य योजना खुली बैठक में की जाए, परंतु भवन की जर्जर हालत गांव के विकास की तस्वीर बयां कर रही है। 

गांव के विकास के लिए ग्राम प्रधान व ग्राम सचिव कितने संवेदनशील हैं, यह पंचायत घर की तस्वीर बयां कर रही हैं। पंचायत घर के पीछे लगे पेड़ दीवारों से सटे होने के कारण दीवारें दरक गई हैं। ग्राम सचिवालय में हजारों रुपए के लगी वाईफाई मशीन को अराजक तत्व उखाड़ ले गए। ग्राम सभा में इंटरनेट की सुविधा मुहैया कराए जाने पर जिम्मेदारों ने पानी फेर दिया। भवन की हालत से लग रहा है, यहां जानवर बांधे जाते हैं। खिड़कियां व दरवाजे सब गायब हैं। वृहद वृक्षारोपण के तहत ग्राम सभा को उपलब्ध कराए गए पौधे पंचायत भवन के प्रांगण में सूख गए हैं। जबकि सरकार पौधों को लगाने के बाद संरक्षित रखने के लिए जिओ टैकिंग की बात कह रही है। पर्यावरण की रक्षा की शपथ लेने वाले पौधों को न लगाकर पंचायत घर में खराब कर दिए हैं।       

इस पूरे मामले पर खण्ड विकास अधिकारी प्रमोद अग्रवाल ने बताया मामले की जांच कर कार्यवाई की जाएगी। जबकि कागजों में सभी ग्राम सचिवालय सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और कहानी बयां कर रही है। अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों की उदासीनता का खामियाजा आम जनमानस को उठाना पड़ रहा है। ग्रामसभा से 10 किलोमीटर दूर छोटे-छोटे कार्यो के लिए ग्रामीण ब्लॉक मुख्यालय दौड़ने को विवश हैं।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता