बालामऊ ब्रांच लाइनों पर पैसेंजर ट्रेनों की संचालन व्यवस्था कल से होगी बहाल

रेलयात्रियों में खुशी की लहर, रेल प्रशासन के प्रति व्यक्त किया आभार

दीपक कुमार श्रीवास्तव

बालामऊ (हरदोई)। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस से हुए लॉकडाउन से अनलॉक होने की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही तीसरी लहर के आगमन की चर्चा के बीच रेल यात्रियों के लिए खुशी और राहत भरी खबर आई है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने प्रोटोकॉल पालन के साथ विभिन्न ब्रांच लाइनों पर ट्रेनों के संचालन को बहाल करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में बालामऊ से सीतापुर और कानपुर रेलवे ब्रांच लाइन पर पैसेंजर ट्रेनों के साथ बालामऊ से शाहजहांपुर के लिए चलने वाली पैसेंजर ट्रेन गुरुवार 1 जुलाई से अपने निर्धारित समय पर नियमित संचालित होगी। उक्त जानकारी बालामऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन के अधीक्षक एम एस हैदर ने दी है।

बताते चलें कि कोरोना महामारी के कारण ब्रांच लाइनों की उक्त ट्रेनों के रदद होने से रेल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। ट्रेनों का संचालन बहाल करने के रेल प्रशासन के इस फैसले से रेल यात्रियों में खुशी की लहर देखने को मिल रही है। इन बंद पड़े रूटों पर ट्रेन चलने की खुशी कस्बे सहित आसपास के व्यापारी, दैनिक यात्रियों एवं छात्र छात्राओं में देखी जा सकती है। सभी लोगों ने गाड़ियों के पुनः संचालन के लिए रेल प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।