पुलिस ने बलात्कार पीड़िता को दुत्कार कर भगाया तो कोर्ट ने दर्ज कराई रिपोर्ट

लाख बदनामियों के बाद भी मनमानी से बाज नही आ रही है पुलिस, शाहाबाद कस्बे के एक मोहल्ले की पीड़िता के साथ हुआ था दुष्कर्म

                हरदोई– शाहाबाद पुलिस का एक कारनामा सामने आया है। शाहाबाद में एक बलात्कार पीड़िता कोतवाली निरीक्षक के सामने गिडगिडाती रही परंतु उसकी रिपोर्ट ना दर्ज कर निरीक्षक ने तानाशाही का परिचय दिया। आखिरकार कोर्ट से फरियाद करने के बाद शाहाबाद पुलिस बैकफुट पर आई और आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गयी।
                लगातार बदनामी झेल रही यूपी पुलिस मनमानी से बाज नहीं आ रही है पीड़ितों को दुत्कार कर भगाना और गाली गलौच करना पुलिस की आदत सी बन गई है। ताजा मामला शाहाबाद का सामने आया है। शाहाबाद कोतवाली के मोहल्ला खेड़ा बीवीजयी निवासी एक महिला के अनुसार उसकी 13 वर्षीय पुत्री 20 जुलाई को 11:00 बजे घर से बाजार गई थी। लेकिन शाम तक जब वापस नहीं लौटी तो उसकी तलाश की गई। परंतु उसका कोई पता नहीं चल सका । दूसरे दिन पता चला कि उसकी पुत्री को मोहल्ले का अभिषेक पुत्र छोटे बहला-फुसलाकर कहीं ले गया है। बकौल पीड़िता की मां 22 जुलाई को शाम 4:00 बजे आरोपी अभिषेक उसकी पुत्री को अल्लापुर तिराहे पर छोड़ गया।
                महिला के अनुसार घर आकर पुत्री ने सारी दास्तान बताई और कहा कि अभिषेक उसे अपनी बहन के यहां ले गया था । जहां उसने उसके साथ कई बार गलत कार्य किया । पीड़िता की मां के अनुसार उसने शाहाबाद कोतवाली जाकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की कई दिनों तक रिपोर्ट दर्ज करने की गुहार लगाई लेकिन उल्टे उसे डपट कर गाली गलौज करने के भगा दिया जाता। मजबूर होकर उसे कोर्ट की चौखट पर फरियाद करनी पडी। कोर्ट ने पीड़िता को गंभीरता से सुनने के बाद शाहाबाद पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश दिया जिसके बाद कोतवाली पुलिस ने 2 महीना दस दिन बाद रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।