विद्यार्थी परिषद व नगर पंचायत कछौना पतसेनी ने संयुक्त रूप से चलाया सैनीटाइजेशन अभियान

कछौना/हरदोई : आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद बालामऊ इकाई के कार्यकर्ताओ व नगर पंचायत कछौना की संयुक्त टीम द्वारा कस्बे में संयुक्त रूप से सेनेटाइजेशन अभियान चलाया गया।

जिला सह संयोजक शुभम शुक्ला ‘भगत’ ने बताया कि सम्पूर्ण विश्व में व्याप्त कोरोना महामारी से बचाव के लिए विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता पूरे देश में सेवा कार्य कर रहे हैं, देश के जिस भी हिस्से में लोगो को सहायता की जरूरत होती है छात्र संगठन के नाते एबीवीपी के कार्यकर्ता सामाजिक दायित्व निभा रहे हैं, देश के सभी राज्यों, जिलों में हेल्पलाइन नंबर जारी करके विभिन्न माध्यम से सेवा कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में नगर पंचायत कछौना पतसेनी द्वारा नगर में चलाए जा रहे सेनेटाइजर अभियान को गति देने के लिए कार्यकर्ता आगे आए हैं। कार्यकर्ताओ द्वारा कछौना कस्बे के तिलक नगर वार्ड में अभियान चलाकर पूरे वार्ड को सेनेटाइज किया गया।

अधिशाषी अधिकारी रेणुका यादव ने बताया कि कछौना कस्बे में उनकी टीम द्वारा प्रत्येक वार्ड में रोस्टर के हिसाब से सेनेटाइजर का छिड़काव, नगर में फागिंग आदि कार्य निरंतर कराए जा रहे हैं। संकट के इस समय में जब सभी लोग घरों में रह रहे हैं तब उनकी टीम के प्रत्येक सदस्य कछौना कस्बे को स्वच्छ रखने के लिए प्रयासरत हैं, टीम द्वारा सभी वार्डो में निगरानी समिति बनाकर घर घर थर्मल स्क्रीनिंग व मेडिकल किट मुहैया कराई जा रही है। जनहित के इस कार्य में विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता अपना सहयोग दे रहे हैं जिसके लिए अधिशाषी अधिकारी ने उनका उत्साहवर्धन करके हौसलाअफजाई की।

इस दौरान विद्यार्थी परिषद के जिला सह संयोजक शुभम शुक्ला, पूर्व तहसील संयोजक उदय प्रताप सिंह, नगर मंत्री बालामऊ धीरज गुप्ता, वीरेंद्र मौर्य, अनुज मौर्य, नगर पंचायत कछौना पतसेनी की अधिशाषी अधिकारी (ईओ) रेणुका यादव व अन्य कर्मचारी गण रहे।