मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त सूचना के अनुसार प्रदेश में मिशन रोजगार के तहत बड़े पैमाने पर निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से बीते 04 वर्षों में लगभग 04 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराई गई हैं। सभी चयन परीक्षाओं में नियमों का पूर्ण पालन करते हुए समयबद्ध ढंग से योग्य अभ्यर्थियों की भर्ती की गई है।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने आज 69,000 सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया के रिक्त पदों एवं अनुसूचित जाति वर्ग के पूर्व के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। लगभग 6,000 सहायक अध्यापकों की परिषदीय विद्यालयों में नियुक्ति की जाएगी। शासनादेश संख्या 456, दिनांक 17 मई, 2021 के तहत राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र, उ.प्र. द्वारा विकसित सॉफ्टवेयर के माध्यम से तैयार, चयन एवं जनपद आवंटन सूची पर कार्यवाही निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार की जाएगी।