विश्व के सबसे बड़े वर्चुअल कवि सम्मेलन में डॉ. राजेश पुरोहित ने किया काव्यपाठ

भवानीमंडी — देश के सुप्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार डॉ. राजेश कुमार शर्मा ‘पुरोहित’ ने बुलंदी साहित्य समिति (पंजीकृत राष्ट्रीय स्तर) द्वारा करवाए जा रहे। विश्व रिकॉर्ड कवि सम्मेलन के कार्यक्रम में काव्य पाठ किया और अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड में शामिल हुए।

इस कवि सम्मेलन में 1275 से भी अधिक कवि भाग ले रहे है। बुलंदी साहित्यिक सेवा समिति (पंजीकृत राष्ट्रीय स्तर) संस्था द्वारा आयोजित यहां विश्व का सबसे बड़ा वर्चुअल कवि सम्मेलन है। यह अंतरराष्ट्रीय काव्य महोत्सव 350 घंटे अनवरत चल रहा है। काव्य के इस महाकुंभ में 35 से ज़्यादा देशों (भारत समेत नेपाल, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, जर्मनी, अमेरिका, न्यूजीलैंड, सिंगापुर, दुबई, मॉरिशस, सऊदी अरब, ओमान) के हिंदी कवियों की सहभागिता होगी। जिसका रिकार्ड इंडिया वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज किया जाएगा। उक्त कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था द्वारा दिनांक 21 अगस्त 2022 को प्रातः काल 11 बजे से प्रारंभ हुआ था और कार्यक्रम 05 सितंबर 2022 तक जूम ऐप्लिकेशन पर निरंतर दिन-रात चलता रहेगा।

डॉ. पुरोहित ने कहा इसमें शामिल होना उनके लिए बहुत ही सौभाग्य और खुशी की बात है। पुरोहित ने संस्था के संस्थापक और राष्ट्रीय अध्यक्ष विवेक बादल बाज़पुरी और संरक्षक पंकज शर्मा का तहे दिल से धन्यवाद किया। जिन्होंने इस कार्यक्रम में शामिल करके राजस्थान तथा अपने जिले झालावाड़ का नाम रोशन करने का मौका दिया। इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर डॉ. राजेश पुरोहित को कवि साहित्यकारों व शिक्षकों ने बधाई दी है।