“भाई साहब अयोध्या में दीपोत्सव के कार्यक्रम से हिन्दुओं का आत्म-सम्मान बढ़ा है”

शान्तनु त्रिपाठी (स्वतन्त्र पत्रकार, लखनऊ)-


“इतने साल संघ में काम करना सार्थक हो गया”, ये कहना है अतुल का। अतुल संघ के स्वयंसेवक हैं, जो यूपी सरकार द्वारा अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में सम्मिलित होकर आ रहें हैं।
अतुल से जब मैंने पूछा इतना पैसा खर्च करके सरकार को क्या मिला? तो उनका जवाब था कि “भाईसाहब इस कार्यक्रम से हिन्दुओं का आत्म सम्मान बढ़ा है।” अतुल ने यह भी दावा किया कि दो दिवसीय इस कार्यक्रम में आधे से ज्यादा संख्या बाहर के लोगों की थी, जो रामलला की भक्ति से ओतप्रोत थे।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम से अयोध्यावासी काफी खुश थे, वहां के लोगों को यह उम्मीद जगी है कि अब राम मंदिर का निर्माण हो जाएगा और अयोध्या एक बड़ी पर्यटन नगरी के तौर पर उभरेगा।
अतुल ने मुख्यमंत्री योगी का जिक्र करते हुए कहा कि “CM साधुओं का बहुत सम्मान करते हैं।” उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि “एक साधु ने योगी को उंगलियों के इशारे से बुलाया तो वह खुद उठकर उनके पास पहुंच गए।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का इतना सरल स्वरूप देखकर मैं प्रभावित हो गया।”
इस कार्यक्रम से अयोध्यावासियों को कितना लाभ मिलेगा ये तो वक्त बताएगा, लेकिन इस आयोजन से यह साफ हो जाता है कि प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार राम मंदिर के निर्माण के लिए माहौल बनाने में जुट गई है।