स्थापना दिवस पर वरिष्ठ कांग्रेसी सम्मानित

कौशांबी। कांग्रेसियों ने कांग्रेस का 136वां स्थापना दिवस मनाया। इस दौरान कांग्रेसियों ने ध्वजारोहण और संगोष्ठी आयोजित की। इस मौके पर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के साथ ही पदयात्रा निकाली गई।

पूर्व जिलाध्यक्ष तलत अजीम ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश को आजाद कराने से लेकर नवनिर्माण तक कांग्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में मजबूत हो इसके लिए पूरी निष्ठा से दायित्व निभाने होंगे। कांग्रेस के योगदान, बलिदान पर उन्होंने कहा कि आज पूरा देश कांग्रेस की ओर विश्वास भरी नजर से देख रहा है। भाजपा के झूठ और तानाशाही रवैये से किसान से लेकर हर वर्ग त्रस्त है। ऐसे में हमें मिलकर लोगों का भरोसा जीतना होगा। सबके प्रयास से ही पार्टी मजबूत होगी, देश के किसान महीनेभर से अपने हक के लिए दिल्ली बार्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। इसके बाद भी सरकार आंख मूंद कर बैठी है। इस दौरान ध्वजारोहण, संगोष्ठी के साथ ही चौराड़ीह चौराहा से चरवा तक खेत और किसान की रक्षा में कांग्रेस संदेश पद यात्रा निकाली गई।