हरदोई में लखनऊ की एक युवती से नौकरी दिलाने के नाम पर कमरे में बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और फिर उसे अपनी महिला दोस्त की मदद से बेच देने का मामला सामने आया है। युवती के एक नौ माह का बच्चा भी है। युवती के आरोपों से सनसनी फैल गयी है। एएसपी ने मामले में जांच व कार्यवाही के निर्देश शहर कोतवाली पुलिस को दिए है।
गोद मे नौ माह की बच्ची को लेकर एसपी ऑफिस पहुंची यह महिला लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया की निवासिनी है। युवती के आरोपों ने पुलिस विभाग में हलचल पैदा कर दी है। युवती का आरोप है कि करीब तीन साल पहले उसके मोबाइल पर एक फोन आया और उसने खुद को शहादत अली उर्फ बब्बे पुत्र हसमत अली निवासी मोहल्ला कजियारा गोपामऊ बताया और उसे नौकरी दिलाने की बात कही। इसी सिलसिले में उसने कई बार उसको फोन किया और उसे भरोसे में ले लिया। उसने भरोसे में आकर उसको अपना पता बता दिया। युवक लखनऊ पहुंचा और उसको एक जगह ले जाकर कमरे में बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि फिर युवक ने उसे शादी का झांसा दिया और लगातार उसका शोषण करता रहा और इस बीच वह उसके बच्चे की माँ बन गयी।
युवती के आरोप है कि इसके बाद युवक उसको लेकर हरदोई आया और यहां एक महिला के हाथो बेंच दिया। जहां उसे बंधक बनाकर रखा गया और उसे देह व्यापार के लिए प्रताड़ित किया गया। जब वह विरोध करती तो कई बार हाथ की नस काटकर उसे मारने का प्रयास किया गया। किसी तरह वह बच कर निकली और मामले की जानकारी पुलिस को दी। एएसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि आरोपों पर संज्ञान लेकर जांच व कार्यवाई के लिए शहर कोतवाली पुलिस को निर्देशित किया गया है। जांच के बाद कार्यवाही की जाएगी।