कार्तिक पूर्णिमा स्नान व मेले की तैयारियों में जुटा प्रशासन
बिलग्राम क्षेत्र के राजघाट पर लगता है बड़ा मेला
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर होने वाले मेले की तैयारियों में जिला प्रशासन जुट गया है। पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र ने शुक्रवार को बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के राजघाट पर गंगा स्नान स्थल मेला व बाजार स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।उन्होंने पुलिस अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने को निर्देशित किया ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जा सके।
एसपी श्री मिश्र ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए आने जाने वाली जनता को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।निर्देश दिया कि स्नान घाट जितना लंबा हो सके, बनाया जाए ताकि एक जगह ज्यादा भीड़ न हो। किसी प्रकार की अनहोनी की सम्भावना न हो, इसके लिए स्नान के लिए पर्याप्त गहरे पानी के बाद मजबूती से बैरिकेडिंग की व्यवस्था कराने को कहा।उन्होंने अधिकारियों से मेले में आने वाले तीर्थ यात्रियों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिये।
एसपी ने मेला स्थल पर एम्बुलेन्स, इमरजेन्सी किट, दवाईयां, डाक्टर्स की टीम, शौचालय, विद्युत, जनरेटर, पीने के लिए शुद्ध पानी, मंच व्यवस्था, गोताखोर, दुकानों के आवंटन, कंट्रोल रूम, क्रैन, पार्किंग स्थल, यातायात, सीसीटीवी, खोया-पाया स्थान बनाने आदि की व्यवस्था के बारे में पूरी जानकारी प्राप्त की और मेले को पूरी तरह से सुरक्षित, शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों से युद्ध स्तर पर जुटने को कहा।उन्होंने घाट का निरीक्षण किया और जो कमियां देखी उसे दूर करने को कहा।