दीपक कुमार श्रीवास्तव–
कछौना (हरदोई) । जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को खंड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस के नेतृत्व में विकासखंड कछौना के सभी परिषदीय विद्यालयों के बच्चों द्वारा स्वच्छता रैली निकाल कर ग्रामीणों को अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और पॉलिथीन व सिंगल यूज़ प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए जागरूक किया गया।

इसी क्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय गाजू के बच्चों ने प्रधानाचार्य मीना राठौर के नेतृत्व में स्वच्छता रैली निकाली। बच्चों ने स्लोगन पटिकाओं, ड्राइंग आदि के माध्यम से बापू के स्वच्छ भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए देशहित में सभी ग्रामीणों को सहयोग करने की अपील की। रैली संपन्न होने के उपरांत गांधी जी की वेशभूषा में कक्षा 6 के छात्र विनय ने विद्यालय सभी बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कक्षा 8 की बालिकाओं ने विद्यालय परिसर में रंगोली सजाकर स्वच्छता का सन्देश दिया। विद्यालय की शिक्षिका जैतून जिया ने कहा कि पॉलिथीन व सिंगल यूज प्लास्टिक मानव जीवन के साथ-साथ जलीय जीवो व पशुओं के लिए भी घातक है। 2 अक्टूबर से सिंगल यूज़ प्लास्टिक को प्रतिबंधित किया जा रहा है। इस मुहिम में सभी आम जनमानस के सहयोग की आवश्यकता है।
देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मन की बात कार्यक्रम के दौरान इस अभियान को जन आंदोलन के रूप में लेते हुए भारत को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सभी देशवासियों से सहयोग का आवाह्न किया था। विद्यालय की प्रधानाचार्य मीना राठौर ने बताया कि स्वच्छता रैली के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करने के साथ ही बच्चों को भी प्रेरित किया जा रहा है ताकि वह भी अपने घरों का कूड़ा कूड़ेदान में डालने और सिंगल यूज प्लास्टिक व पालीथीन का इस्तेमाल न करने के लिए अपने अभिभावकों को प्रेरित कर सकें।