आदि शंकराचार्य जी के विचार आज के समय में भी प्रासंगिक – नितिन अग्रवाल

आदि शंकराचार्य जी की मूर्ति के अनावरण समारोह का पांच शिवालयों पर हुआ सजीव प्रसारण

आज प्रधानमंत्री द्वारा केदारनाथ धाम उत्तराखंड में आदि शंकराचार्य जी की मूर्ति के अनावरण समारोह से सम्बन्धित कार्यक्रम का जनपद के पांच शिवालयों पर जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देश पर नामित नोडल अधिकारियों के सान्निध्य में स्ट्रीमिंग करायी गयी एवं श्रद्धालुओं के लिए सजीव प्रसारण की व्यवस्था करायी गयी।

जनपद के मल्लावां स्थिति सुनासीर नाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक आशीष सिंह आशू ने मंदिर में पूजा अर्चना की तथा उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों आदि के साथ प्रधानमंत्री जी द्वारा केदार नाथ धाम उत्तराखंड में आदि शंकराचार्य जी की मूर्ति के अनावरण समारोह कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। कार्यक्रम में भजन-कीर्तन मंडलियों द्वारा मनमोहक भजन एवं भक्ति पूर्ण गीत प्रस्तुत किये गये। उपस्थित जनप्रतिनिधियों व नागरिकों ने कार्यक्रम की भरपूर सराहना की। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी बिलग्राम, जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार, खण्ड विकास अधिकारी मल्लावां आदि उपस्थित रहे।

सकाहा मंदिर में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा उपाध्यक्ष उ०प्र०, नितिन अग्रवाल ने पूजा-अर्चना की तथा कहा कि आदि शंकराचार्य जी के विचार आज के समय में भी प्रासंगिक हैं। आदियोगी का मार्गदर्शन पीढ़ियों तक लोग को प्रेरणा देगा। इसी प्रकार टेढ़श्वर मंदिर नर्मदा शाहाबाद में मुख्य अतिथि रजनी तिवारी ने, संकट मोचन पांडुकालीन मंदिर दिबियापुर में मुख्य अतिथि विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू ने तथा शिव मंदिर हत्याहरण में मुख्य अतिथि रामपाल वर्मा ने उपस्थित होकर पूजा-अर्चना की।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों आदि के साथ प्रधानमंत्री जी द्वारा केदारनाथधाम उत्तराखंड में आदि शंकराचार्य जी की मूर्ति के अनावरण समारोह कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। इन आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों ने साधु, संतों को सम्मानित भी किया तथा भजन-कीर्तन मंडलियों द्वारा मनमोहक भजन एवं भक्ति पूर्ण गीत प्रस्तुत किये जिसकी उपस्थित जनप्रतिनिधियों आदि ने सराहना की।