कछौना (हरदोई) : एचसीएल फाउंडेशन ब्लॉक कछौना सहित 11 ब्लॉकों में पेयजल, कृषि, रोजगार, स्वच्छता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में समुदाय की सहभागिता से कार्य कर रही है, जिससे क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन हो रहा है। लोगों के जीवन में परिवर्तन हो रहा है। बालामऊ गाँव की चमचमाती सड़कें, जल निकास की उन्नत व्यवस्था और हर घर को स्वच्छ जल की अनोखी एचसीएल परियोजना का अवलोकन किया जा सकता है।
बुधवार को एचसीएल की टीम ने विकास खंड कछौना के ग्रामसभा सुठेना में कराए गए विकासकार्यों की जमीनी हकीकत देखी। पेयजल योजना के मद्देनजर जल मिशन के तहत पानी की टंकी का निरीक्षण किया। ग्राम सभा में हर घर जल पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता समिति के संचालन द्वारा प्रत्येक घर को स्वच्छ पानी पहुंच रहा है। दिन में 3 बार पानी की आपूर्ति की जाती है जिसके एवज में रखरखाव हेतु प्रत्येक परिवार/कनेक्शनधारकों से ₹60 का प्रतिमाह शुल्क लिया जाता है। जलापूर्ति के लिए पूरे गांव में पाइप लाइन डाली गई है। जगह-जगह अधिक प्रेशर से पानी देने के लिए पाइप स्टैंड लगाए गए हैं जिससे गाँव में अग्निकांड की घटना घटने पर वह पाइप स्टैंड आग बुझाने में सहायक हों।
टीम ने प्राथमिक विद्यालय सुठेना पहुंचकर शिक्षण गतिविधियों को बारीकी से देखा। परिषदीय विद्यालय का कायाकल्प कॉन्वेंट स्कूल को मात दे रहा था। शिक्षक एवं बच्चे सभी अपडेट मिले। विद्यालय में साफ-सफाई का परिवेश देखकर टीम काफी हर्षित हो गयी। विद्यालय में नौनिहाल स्मार्ट क्लास मे पढ़ाई कर रहे थे। सभी नौनिहाल यूनिफॉर्म, टाई व बेल्ट में अपडेट थे। सभी बच्चे बेंच पर बैठकर पढ़ाई कर रहे थे।
विद्यालय में सभी मूलभूत सुविधाएं पेयजल, शौचालय, आरओ वॉटर की व्यवस्था है। बाल संसद का गठन करने के साथ ही शैक्षिक गतिविधियों में नवाचार के जरिये अध्यापन किया जा रहा है। नौनिहालों के हौसले में काफी इजाफा देखने को मिला। शिक्षण कार्य के लिए प्रोजेक्टर लगा हुआ है। विद्यालय के एक कक्ष में नौनिहालों के लिए पुस्तकालय भी स्थापित है। बेहतर परिवेश व अच्छी शिक्षा व्यवस्था के कारण नामांकन में भी इजाफा हो गया है। खेलकूद के लिए खेलकूद सामग्री भी उपलब्ध है। विद्यालय के शिक्षकों की कड़ी मेहनत से विद्यालय अपनी अलग पहचान बनाए हुए है।
ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं हेतु प्रत्येक ग्रामसभा के सार्वजनिक स्थलों पर मोबाइल हेल्थ क्लीनिक ग्राम रोस्टर के माध्यम से पहुंचकर लोगों को प्रशिक्षित डाक्टरों द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जिसका आम जनमानस लाभ उठा रहा है। मोबाइल हेल्थ क्लीनिक के माध्यम से लोगों को अच्छा इलाज मिल रहा है। लोग झोलाछाप डॉक्टरों की शरण में न जाकर आर्थिक, मानसिक व शारीरिक नुकसान से बच रहे हैं। डॉ. प्रमोद गांव-गांव में लोकप्रिय हो गये हैं। उनके द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता भी की जाती है जिससे लोग नशा व तम्बाकू से दूरी बना रहे हैं। गांव के समग्र विकास में गांव में जल संचयन के लिए जलस्रोत का जीर्णोद्धार कराके सौंदर्यीकरण कराया गया। पूरे गांव के घरों का पानी फिल्टर होकर तालाब में पहुंच रहा है जिसको प्रयोग में लाया जा सकता है। तालाब के किनारे बाउंड्रीवॉल के साथ ही पौधे लगाए गए हैं। तालाब पर प्रकाश व्यवस्था के लिए सोलर लाइट लगाई गई हैं। तालाब पर सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र है। आई लव सुठेना चमकदार बोर्ड के पास गांव के बच्चे, युवा, पुरुष, महिलाएं पहुंचकर आनंद उठा रहे हैं। तालाब गांव का आकर्षण केंद्र बन गया है। सुबह शाम लोग काफी संख्या में पहुंच रहे हैं। तालाब में कछुआ, मछलियां भी पाली गईं हैं।
इस अवसर पर एचसीएल के सीनियर हेड योगेश कुमार, अलीशा, मानवेन्द्र सिंह, आशीष भुवाल, उमाकांत, फैक अलवी, संतोष कुमार, अंकुर, जयशंकर राय, खण्ड शिक्षा अधिकारी शशांक सिंह, प्रधानाध्यापक सत्येंद्र कुमार, शिक्षकगण संदीप श्रीवास्तव, कमलेश कुमार, अरुण सक्सेना, भारती, कुसुमा आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता