घने कोहरे के चलते खाई में गिरी रोडवेज बस, बाल-बाल बचे सवार व चालक व परिचालक

         हरदोई- घना कोहरा अब दुर्घटना का सबब बनने लगा है। घने कोहरे के कारण शुक्रवार तड़के उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपी रोडवेज) की एक बस खाई में गिर गई। हरदोई-लखनऊ राजमार्ग पर बघौली थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम बम्हनाखेड़ा के पास शुक्रवार सुबह हरदोई से लखनऊ जा रही एक रोडवेज की अनियन्त्रित होकर सड़क किनारे खाई में गिर गई। जब बस खाई में गिरी उस समय बस में 14 लोग सवार थे।
                 बस में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे।बस चालक रोशन अली ने बताया कि वह रोडवेज बस लेकर हरदोई से लखनऊ जा रहे थे । कोहरा बहुत घना था, वह बस को धीमी गति से चला रहा थे, सड़क पर सफेद पट्टी न होने के कारण बस चलाने में काफी असुविधा हो रही थी, इसी दौरान सुबह करीब 6 बजे, जैसे ही वे हरदोई-लखनऊ राजमार्ग पर स्थित ग्राम बम्हनाखेड़ा के पास पहुँचे । घना कोहरा होने की वजह से वह घुमावदार मोड़ पर अपना नियन्त्रण खो बैठे और बस असंतुलित होकर खाई में चली गई । काफी देर बाद रोडवेज बस को खाई से क्रेन द्वारा बाहर निकाला गया। इस दौरान सड़क पर काफी देर जाम भी लगा रहा ।