संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इसके साथ ही बजट सत्र का भी समापन हो गया। राज्यसभा में अपने समापन भाषण में सभापति वेंकैया नायडू ने बजट सत्र के दूसरे चरण के दौरान सदन की कार्यवाही न चल पाने पर नाराजगी व्यक्त की। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सदन के कामकाज और कार्यवाही का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया।

बजट सत्र के दूसरे चरण में संसद में कुल चार विधेयक पारित किए गए जिसमें वित्‍त विधेयक और ग्रेच्‍युटी संशोधन विधेयक शामिल हैं। इस विधेयक के तहत ग्रेच्‍युटी की सीमा दस लाख से बढ़ाकर 20 लाख की गई है। हालांकि ये विधेयक बिना चर्चा के पारित किए गए। इसके अलावा सरकार चाहती थी कि भ्रष्‍टाचार निरोधक कानून और तीन तलाक विधेयक पारित हों लेकिन हंगामे के कारण ये विधेयक नहीं लिए जा सकें। पूरे बजट सत्र के दौरान लोकसभा में 23 प्रतिशत और राज्‍यसभा में 28 प्रतिशत ही कामकाज हो सका।