शनिवार की मध्य रात्रि को हुई घटना में हादसे का मंजर देखकर मौजूद लोग सिहर उठे।आधा मिनट के भीतर मौत का तांड़व का दृश्य याद करके लोग अभी भी सिहर जाते है।लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस बूथ के बाहर खड़े एक सिपाही और एक होमगार्ड अपनी सुरक्षा नही कर सके और पालक झपकते ही मौत की नींद सो गए।रविवार को सिपाही होमगार्ड व अन्य मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।घटना से जहां पुलिस विभाग में शोक है वही परिजनों का करुण क्रंदन भी दिल दहला देता है।
हादसे में शहर कोतवाली में तैनात सिपाही मंजूर फारूकी 35 पुत्र अब्दुल वाजिद निवासी पैगम्बर गढ़ी,थाना लोनी कटरा बाराबंकी,होमगार्ड श्रीचंद्र 48 पुत्र सुंदरलाल निवासी परसापुर सांडी,विवेक 19 पुत्र बहादुर निवासी हरीपुर्वा गल्ला मंडी के पीछे थाना कोतवाली शहर व राकेश उर्फ डल्लू पुत्र फूलचन्द्र निवासी कांशीराम कालोनी की मौत हो गयी जबकि होमगार्ड हरीश चंद्र 50 पुत्र राम आसरे भैना मऊ थाना सुरसा घायल है जिसका इलाज चल रहा है।सभी मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है।जो दो बाइके हादसे में जली है उनमें एक सिपाही मंजूर की कोबरा की सरकारी बाइक व दूसरी चौकी इंचार्ज कयूम की बाइक है।हादसे में सिपाही व होमगार्ड की राइफलें भी टूटकर जल गई है।होमगार्ड के साथी व अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और शोक जताया।
मौत खींच ले गयी थी विवेक व राकेश को
इसे काल का बुलावा ही कहा जायेगा।इस भीषण हादसे में विवेक 19 पुत्र बहादुर निवासी हरीपुर्वा गल्ला मंडी के पीछे थाना कोतवाली शहर व राकेश उर्फ डल्लू पुत्र फूलचन्द्र निवासी कांशीराम कालोनी को मौत ही अनायास खींच ले गयी थी।बताया जाता है कि दोनों हलवाई है और बारातों में खाना आदि बनाने का काम करते है।दोनों शहर में ही एक बारात में खाना बनाकर वहां से वापस लौट रहे थे।यहा सिनेमा चौराहे पर बने पुलिस बूथ के पास सिपाहियों से दोनों खड़े होकर बातचीत करने लगे इसी बीच यह हादसा हो गया।घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।