हरदोई 05 फरवरी- जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई दो मार्ग दुर्घटनाओं में एक अनुदेशक व गृहिणी जख्मी हो गईं। दोनो को जिला अस्पताल से हालत गंभीर देखकर लखनऊ रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में दोनो ने दम तोड़ दिया। दोनो का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे से परिजनो में कोहराम मचा हुआ है।
पिहानी थाना क्षेत्र के चंदेली नेवादा गांव निवासी सरला देवी (33) पत्नी श्यामलाल गृहणी थी। बतातें हैं कि टडि़यांवा थाना क्षेत्र के सारीपुर गांव निवासी उसकी ननद रूपरानी के घर किसी परिवारीजन की मौत हो गई। जिसकी खबर मिलने पर सरला देवी अपने पुत्र सोनपाल (25) के साथ बाइक पर सवार होकर सोमवार की दोपहर सारीपुर को निकली। बाइक टडि़यांवा थाना क्षेत्र के कस्बा गोपामऊ पहुंची थी कि इसी बीच गोपामऊ तिराहा पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे महिला गिरकर जख्मी हो गई वहीं उसका पुत्र इस हादसे में बाल-बाल बच गया। आसपास के लोगों ने ट्रैक्टर व उसके चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इधर महिला को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से उसकी हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। देर शाम परिजन उसको लखनऊ लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शव को वापस जिला अस्पताल अस्पताल लाया गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। मृतका के परिवार में पुत्र सोनपाल व चार बेटियां बताई गई हैं।
सुरसा थाना क्षेत्र के बर्रा डाल सिंह गांव निवासी ममता (36) पत्नी सुनील विकास खंड अहिरोरी के भीठा महासिंह गांव के जूनियर हाईस्कूल में अनुदेशक के पद पर कार्यरत थी। उसका पति झारखंड सीआरपीएफ में आरक्षी के पद पर तैनात है। सोमवार को वह विद्यालय में पढ़ाने आई। जहां से छुट्टी होने पर टैंपों पर सवार होकर घर को निकली। सुरसा कोतवाली के पचकोहरा गांव के समीप वह टैंपों से उतरने लगी। इसी बीच लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार बस ने उसको कुचल दिया। आसपास के लोगों ने महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसके परिजनो को जानकारी दी गई। देर शाम जानकारी मिलने पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। वहीं डाक्टरों ने महिला की हालत गंभीर बताते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिसपर परिजन शव को वापस जिला अस्पताल लाए। जहां से मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। मृतका के परिवार में दो पुत्रियां कलश व झलक बताई गई हैं। हादसे से परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है।