हरदोई- बिलग्राम थाना क्षेत्र के बगलोइया तिराहे के समीप तिलक समारोह से वापस जा रहे लड़की पक्ष के लोगों से खचाखच भरा टैंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। जिसमें लड़की का मामा गंभीर रूप से घायल हो गया। टैंपों में सवार अन्य परिवारीजन बाल-बाल बच गए। हादसे के बाद चालक टैंपों छोड़कर फरार हो गया।
टैंपों में सवार अन्य परिवारीजन बाल-बाल बचे
लोनार थाना क्षेत्र के मुजाहिदपुर गांव निवासी गुड्डू सोमवार को अपनी पुत्री रेनू का तिलक लेकर अपने परिवारीजनो व रिश्तेदारों के साथ बिलग्राम के हुड्डापुरवा गांव में खुशीराम के घर गया। बताया गया कि सभी इलाके से ही टैंपो बुक करके भाड़े पर ले गए थे। तिलक चढ़ाने के बाद खाना खाकर सभी लोग वापस घर को रवाना हुए। वापसी के दौरान जरौली नेवादा गांव के समीप बगलोइया तिराहे के समीप चालक का संतुलन बिगड़ गया और टैंपो सड़क किनारे पलट गया। जिससे टैंपो में सवार दर्जन भर से अधिक लोगों को चीख-पुकार मच गई। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण भी दौड़कर मौके पर जा पहुंचे। हालांकि इस हादसे में सवार अन्य लोगों को कोई गंभीर चोंटे नहीं आई वहीं लड़की का मामा सर्वेश (35) पुत्र धर्मसिंह टैंपो के नीचे दब गया। इलाकाई लोगों की मदद से टैंपो के नीचे दबे लड़की के मामा को निकाला गया। ग्रामीणों ने ही इसकी जानकारी एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस से घायल को स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पूरे प्रकरण के बाबत इलाकाई पुलिस ने बताया कि घटना की कोई तहरीर नहीं दी गई है। वहीं हादसे के बाद टैंपों का चालक फरार बताया गया है।