चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण ने विश्व स्तर पर भारत के मान-सम्मान व गौरव को बढ़ाया : मुख्यमंत्री उ.प्र.

मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी ने कहा कि चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण ने विश्व स्तर पर भारत के मान-सम्मान व गौरव को बढ़ाया है। यह उपलब्धि हर भारतीय के लिए प्रेरणादायी है। देशवासियों को भारतीय वैज्ञानिकों की प्रतिभा और क्षमता पर गर्व है।

श्री योगी ने चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण के लिए isro (भारतीय अन्तरिक्ष अनुसंधान संस्थान) को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-2 के प्रक्षेपण की सफलता से भारत लगातार चंद्र अभियान संचालित करने वाले विश्व के चुनिन्दा देशों में सम्मिलित हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंद्रयान-2 के रोवर के लिए मैप जनरेशन व पाथ जनरेशन की तकनीक उपलब्ध कराने में IIT Kanpur का अहम योगदान है। इस प्रक्षेपण की सफलता भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम में मील का एक और पत्थर है।

श्री योगी ने कहा कि चंद्रयान-2 की सफलता में राजधानी लखनऊ निवासी वरिष्ठ अंतरिक्ष वैज्ञानिक सुश्री रितु करिधाल श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने चंद्रयान-2 मिशन के उद्देश्यों की पूर्ण सफलता की कामना की है।