प्रधानमंत्री मोदी कल विशाखापत्तनम मे दस हजार 5 सौ करोड़ रूपए से अधिक की लागत वाली कई परियोंजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे और आधारशिला रखेंगे। वे कल शाम सबसे पहले पूर्वी नौसेना कमान में युद्ध पोत आईएनएस चोला को देखने जाएंगे। प्रधानमंत्री 12 नवंबर को कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे विशाखापत्तनम में आंध्र विश्वविद्यालय इंजीनियरिंग कॉलेज से जनसभा को संबोधित करेंगे। वह 3 हजार 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाये जा रहे छह लेन के ग्रीनफील्ड रायपुर-विशाखापत्तनम आर्थिक गलियारे के आंध्र प्रदेश खंड की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री विशाखापत्तनम में कॉन्वेंट जंक्शन से शीला नगर जंक्शन तक बंदरगाह को जोड़ने वाली एक सडक की आधारशिला भी रखेंगे। वह श्रीकाकुलम-गजपति कॉरिडोर के हिस्से के रूप में 2 सौ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित NH-326A के पथपट्टनम खंड को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
प्रधानमंत्री 2 हजार 9 सौ करोड़ रूपए की लागत वाली ओएनजीसी की यू-फील्ड ऑनशोर डीप वाटर ब्लॉक परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे श्रीकाकुलम में गेल की अंगुल प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री 450 करोड़ रुपये की लागत से विशाखापत्तनम रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास परियोजना और 150 करोड रूपए की लागत वाली विशाखापत्तनम फिशिंग हार्बर आधुनिकीकरण और उन्नयन परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे।